टाऊन हाल में समाधान शिविर, एक छत के नीचे सभी विभागों के अधिकारियों ने सुनी आमजनों की समस्याएं
बेमेतरा 01 अक्टूबर 2026 - सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज जिले के टाऊन हाल में नगर पालिका बेमेतरा के तत्वधान में जनकल्याणकारी योजनाओं के निराकरण हेतु आवेदन प्राप्ति एवं समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
एक ही छत के नीचे सभी विभागों की सेवाएं
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, पेंशन योजना, किसान सम्मान निधि, श्रम विभाग, राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। बड़ी संख्या में पहुंचे हितग्राहियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने पूरी संवेदनशीलता के साथ एक-एक आवेदन की जांच कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया।
सेवा और समर्पण के 25 वर्ष में समर्पित भाव से अनेकों कार्य
इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा और संकल्प के साथ देश के लिए समर्पित भाव से अनेकों अविस्मरणीय कार्य किए हैं।
अंत्योदय और सुशासन का प्रतीक है मोदी का जीवन
विधायक श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और अंत्योदय का प्रतीक है। चाहे गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में हो या देश के प्रधानमंत्री के रूप में, उन्होंने हमेशा गरीब, किसान, महिला और युवा को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई हैं। धारा 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक से मुक्ति, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे ऐतिहासिक फैसलों ने भारत को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाई है।
सेवा ही संकल्प, यही सच्ची जनसेवा
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल प्रधानमंत्री की उपलब्धियों को बताना नहीं, बल्कि उनकी प्रेरणा से अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं को पहुंचाना है। यही सच्ची जनसेवा है।
प्रशासन पहुंचा गांव और वार्ड स्तर तक
शिविर में अधिकारियों ने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से शासन-प्रशासन गांव और वार्ड स्तर तक पहुंच रहा है, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। एक ही छत के नीचे सभी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। राशन कार्ड में नाम जोड़ना, आवास की किस्त, पेंशन स्वीकृति जैसे कई कार्य हाथों-हाथ किए गए।
समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी शिविर का निरीक्षण कर हितग्राहियों से चर्चा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय-सीमा में किया जाए।
नागरिकों ने की पहल की सराहना
नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविरों से उन्हें काफी राहत मिल रही है। पहले छोटे-छोटे कामों के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता था, अब शिविर में ही समाधान हो रहा है।
संकल्प - कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
शिविर में इनकी रहीं उपस्थिति
इस अवसर पर नगर पालिका बेमेतरा के अध्यक्ष विजय सिंहा, छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि राजेंद्र शर्मा, नगर पालिका बेमेतरा के सीएमओ नरेश वर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी/कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ