शनिवार, 14 फ़रवरी 2026

समितियों एवं विक्रेताओं से गुणवत्तापूर्ण बीज और उर्वरक समय पर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

कृषि संवर्गीय विभागों की समीक्षा बैठक : खरीफ तैयारी, खाद-बीज उपलब्धता एवं योजनाओं की प्रगति पर कलेक्टर ने दिए निर्देश 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 13 फरवरी 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई की अध्यक्षता में जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज कृषि संवर्गीय विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं उससे संबद्ध विभागों द्वारा संचालित केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य पूर्ति, हितग्राही लाभ वितरण तथा जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की स्थिति का विभागवार परीक्षण किया गया। 
  बैठक के दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने निर्देशित किया कि जिले में किसानों को समय पर योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए सभी विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें। विशेष रूप से आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए खाद, बीज एवं उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। 
         उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सहकारी समितियों एवं अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण बीज और उर्वरक समय पर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। 
        बैठक में कृषि उत्पादन बढ़ाने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने तथा दलहन, तिलहन एवं उद्यानिकी फसलों के विस्तार पर भी चर्चा की गई। 
    कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि बदलती जलवायु परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किसानों को उन्नत तकनीक, आधुनिक कृषि यंत्रों तथा जल संरक्षण आधारित खेती की ओर प्रेरित किया जाए। इसके लिए कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन नियमित रूप से किए जाने के निर्देश दिए गए। 
        पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन विभागों की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। पशुधन टीकाकरण, दुग्ध उत्पादन वृद्धि, उद्यानिकी मिशन अंतर्गत पौधारोपण, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई योजनाओं तथा मत्स्य बीज वितरण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए तथा प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत की जाए। 
 बैठक में उप संचालक कृषि मोरध्वज डडसेना, उप संचालक पशु चिकित्सा राजेन्द्र भगत, सहायक संचालक उद्यान, सहायक संचालक मछली पालन, वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की तथा आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया। 
     अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों को लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने, मैदानी भ्रमण बढ़ाने तथा किसानों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि जिले में कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सके। 

डीआईजी रामकृष्ण साहू के निर्देशन पर यातायात नियमों के उल्लंघन पर 151 वाहन चालको से ली गई 42800 रु समन शुल्क

डीआईजी रामकृष्ण साहू के निर्देशन पर “सशक्त एप’’ से 351 वाहनों का किया गया चेकिंग कार्यवाही   माईनर एक्ट में 06 एवं आबकारी एक्ट में 15 आरोपीय...