बेरला क्षेत्र के शिवनाथ नदी से अवैध सिंचाई पर बड़ी कार्रवाई
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 22 जनवरी 2026 - ग्रीष्मकाल में जल संकट की स्थिति को देखते हुए अवैध जल दोहन पर सख्ती बरतते हुए जल संसाधन विभाग बेमेतरा द्वारा शिवनाथ नदी से की जा रही अवैध सिंचाई के विरुद्ध कार्रवाई की गई। विभागीय टीम ने तहसील बेरला अंतर्गत ग्राम बूढाजौंग में निरीक्षण के दौरान ग्रीष्मकालीन धान की सिंचाई करते हुए अवैध पम्प पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पम्प जप्त किया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि संबंधित कृषक द्वारा विद्युत विभाग के पोल से कटिया तार लगाकर अवैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से पम्प संचालित किया जा रहा था, जिससे शिवनाथ नदी के जल का अनधिकृत उपयोग किया जा रहा था। यह कृत्य जल संसाधन अधिनियम एवं विद्युत अधिनियम दोनों का उल्लंघन पाया गया।
जल संसाधन विभाग की टीम द्वारा मौके पर ही पम्प को जप्त कर लिया गया तथा संबंधित प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्रीष्मकालीन धान की सिंचाई पूर्णतः प्रतिबंधित है और नदी, नालों अथवा अन्य जल स्रोतों से अवैध जल दोहन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे शासन के निर्देशों का पालन करें, जल संरक्षण में सहयोग दें तथा अवैध सिंचाई से बचें। जल संसाधन विभाग द्वारा जिले में निरंतर निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।