समिति के अध्यक्ष व प्रबंधक ने रेकी कर चोरी के मामले का किया पर्दाफाश
मामला हैं साजा ब्लाक के सेवा सहकारी समिति मोहगांव से धान परिवहन में रास्ते में चोरी का
इस मामले को लेकर जिला प्रशासन की धान परिवहन व्यवस्था पर लगाया सवालिया निशान
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 12 फरवरी 2026 - साजा ब्लाक के सेवा सहकारी समिति मोहगांव से धान लोड कर गुरुवार शाम 5 बजे निकला, एक ट्रक देर रात 9 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में बेरला ब्लॉक के ग्राम परपोड़ा में एक निजी व्यापारी के घर के सामने खाली होते पकड़ा गया। धान की इस अवैध हेराफेरी को मोहगांव समिति के अध्यक्ष और प्रबंधक ने रंगे हाथ पकड़ा, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार सेवा सहकारी समिति मोहगांव से धान भरकर ट्रक रवाना हुआ था। संदेह होने पर मोहगांव समिति अध्यक्ष त्रिलोकी साहू और प्रभारी समिति प्रबंधक नितिन साहू ने ट्रक का पीछा किया। उन्होंने देखा कि ट्रक परपोड़ा में एक व्यापारी के घर के सामने खड़ा होकर खाली हो रहा था।
वाहन छोड़ चालक फरार
समिति के पदाधिकारियों को कार्रवाई करते देख ट्रक चालक घबरा गया और पकड़े जाने के डर से वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। समिति सदस्यों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी गड़बड़ी पकड़े जाने और सूचना देने के बावजूद पुलिस घंटों तक मौके पर नहीं पहुंची। देर रात तक खबर लिखे जाने तक समिति के सदस्य घटना स्थल पर ही डटे रहे और पुलिस की प्रतीक्षा करते रहे।
जांच के घेरे में धान का उठाव
सोसाइटी का धान सीधे राइस मिल या संग्रहण केंद्र जाने के बजाय किसी निजी व्यापारी के घर क्यों उतारा जा रहा था, यह बड़े भ्रष्टाचार की ओर इशारा कर रहा है। मामले में पुलिस की एंट्री के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस खेल में और कौन-कौन शामिल है।
जिला प्रशासन की परिवहन व्यवस्था पर लगा सवालिया निशान
इस मामले को लेकर जिला प्रशासन की धान खरीदी के पश्चात धान के परिवहन की व्यवस्था पर सवालिया निशान लग रहा हैं। इस प्रकार की परिवहन व्यवस्था से सोसायटी को सीधा शार्टेज का नुकसान होना तय हैं। इसमें नुकसान ना तो प्रशासन को होगा, ना ही परिवहनकर्ता को, जबकि इस नुकसान की भरपाई समितियों से की जाएगी, जिससे समितियों को ही इस नुकसान को झेलना पड़ेगा।