सेवा संकल्प अभियान - वार्ड 19 के आंगनबाड़ी केंद्र में आनंद मंगल मिलन समारोह

आयोजन में हितग्राहियों का सम्मान, न्योता भोज एवं बच्चों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण 
बेमेतरा 01 अक्टूबर 2026 - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 19 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 16/2 में आनंद मंगल मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्रीमती सिमरन ताम्रकार, पार्षद नीतू कोठारी, वरिष्ठ भाजपा नेता महेश साहू, सुपरवाइजर श्रीमती हेमलता मानिकपुरी, कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती सरिता सोनी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन एवं वार्डवासी उपस्थित रहे। 
    कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सम्मान, पोषण, शिक्षा एवं सामुदायिक सहभागिता का संदेश देते हुए सेवा संकल्प अभियान को सार्थक बनाने का प्रयास किया गया। 

लाभार्थियों का सम्मान एवं न्योता भोज 
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों को महतारी वंदन योजना एवं मातृ-शिशु योजनाओं के अंतर्गत प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों एवं आंगनबाड़ी से जुड़े हितग्राहियों के लिए न्योता भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने सहभागिता की। न्योता भोज के माध्यम से बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हुए पोषण एवं सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया। 

बच्चों को अध्ययन सामग्री वितरित 
इस दौरान पार्षद सिमरन ताम्रकार एवं कार्यक्रम प्रभारी सरिता सोनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ द्वारा बच्चों को पहाड़, पेंसिल, पानी बॉटल, इरेज़र एवं बिस्कुट सहित अन्य उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। बच्चों को अध्ययन सामग्री प्रदान कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया। 

मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियां 
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के लिए मोमबत्ती जलाओ, फोटो में बिंदी लगाओ सहित विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 
खुशियां साझा करने और सामुदायिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का माध्यम 
पार्षद सिमरन ताम्रकार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत यह आनंद मंगल मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। न्योता भोज जैसे आयोजन बच्चों के साथ खुशियां साझा करने और उनके पोषण के प्रति सामुदायिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों के साथ मिलकर क्षेत्र के बच्चों और महिलाओं के हित में कार्य करना हम सभी की जिम्मेदारी है। बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित करने का उद्देश्य उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना भी है। 

अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग की भावना पहुंचाने का माध्यम 
वरिष्ठ भाजपा नेता महेश साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग की भावना पहुंचाने का माध्यम है। न्योता भोज जैसी पहल से बच्चों के साथ आत्मीयता बढ़ती है और समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित होती है। बच्चों को अध्ययन सामग्री एवं अन्य उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराना शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन का सकारात्मक प्रयास है। 

जागरूकता और सहभागिता की भावना 
पार्षद नीतू कोठारी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों और महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें जागरूकता और सहभागिता की भावना बढ़ाते हैं। न्योता भोज के माध्यम से बच्चों के साथ खुशियां साझा करना और उनके पोषण के महत्व को बढ़ावा देना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने से उन्हें शिक्षा के प्रति आगे बढ़ने में प्रोत्साहन मिलेगा। 

योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना 
कार्यक्रम प्रभारी सरिता सोनी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। न्योता भोज के साथ बच्चों को पहाड़, पेंसिल, इरेज़र एवं बिस्कुट सहित अन्य सामग्री का वितरण कर उन्हें शिक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। 

हितग्राहियों का सम्मान 
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित खुशबु सोनी, जलदेवती श्रीवास, वैशाली माने, ज्योति यदु एवं राजकुमारी निषाद सहित अन्य हितग्राहियों का सम्मान किया गया।

आयोजन में उपस्थिति 
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गुलशन बानो, रुखमनी तुर्के, चुनिता वर्मा, अंजलि वर्मा, मंजू यदु एवं मितानिन तोषिका वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं वार्डवासी उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ