गणपति बप्पा मोरिया के जयघोष से गूंजा पुलिस कॉलोनी परिसर, विधि-विधान से हुआ भगवान गणेश का विसर्जन

हवन-पूजन, महाआरती, भजन-कीर्तन एवं भंडारा-प्रसादी में पुलिस परिवार के महिला, पुरुष एवं बच्चों ने की सहभागिता 
बेमेतरा 27 सितंबर 2026 - रक्षित केन्द्र बेमेतरा स्थित पुलिस कॉलोनी में विगत 11 दिनों से विराजमान भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का अनंत चतुर्दशी के अवसर पर विधि-विधान एवं पूर्ण श्रद्धा-भक्ति के साथ धूमधाम से विसर्जन किया गया। इस अवसर पर पुलिस कॉलोनी परिसर में हवन-पूजन, महाआरती, भजन-कीर्तन तथा भंडारा एवं प्रसादी वितरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 
 कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन संपन्न कराया गया। पुलिस परिवार के सदस्यों ने भगवान गणेश की आराधना कर परिवार एवं जिले में सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। हवन-पूजन के पश्चात भंडारा एवं प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें पुलिस परिवार के महिला, पुरुष एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। 
विगत 11 दिनों से प्रतिदिन आयोजित भजन-कीर्तन से पुलिस कॉलोनी परिसर भक्तिमय बना रहा। गणेशोत्सव के अंतिम दिन भी भजन-कीर्तन एवं महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं आस्था देखने को मिली। 
  इसके पश्चात भगवान गणेश की प्रतिमा को आकर्षक शोभायात्रा के रूप में बाजे-गाजे, भजन-कीर्तन एवं जयघोष के साथ विसर्जन स्थल के लिए रवाना किया गया। पुलिस परिवार के सदस्य एवं श्रद्धालु नाचते-गाते और भगवान श्री गणेश के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में “गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। 
 विसर्जन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य, महिलाएं, बच्चे एवं श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने भगवान गणेश के प्रति अपनी अटूट आस्था एवं श्रद्धा व्यक्त करते हुए विधि-विधान से गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया और अगले वर्ष पुनः भगवान गणेश के आगमन की मंगलकामना की। 
     इस अवसर पर पुलिस कॉलोनी परिसर में आपसी सौहार्द, भक्ति एवं उत्साह का वातावरण बना रहा। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ