कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने ली जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश
बेमेतरा 24 सितंबर 2026 - कलेक्टर एवं जिला स्वास्थ्य समिति की अध्यक्ष सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के दिशा सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
पावर प्वाइंट से प्रेजेंटेशन
कलेक्ट्रेट के दिशा सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।
इन प्रमुख विषयों पर हुई गहन समीक्षा
कलेक्टर ने बैठक में एक-एक कर सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य
जिले में संस्थागत प्रसव की स्थिति, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की ट्रैकिंग, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और जननी सुरक्षा योजना के तहत हितग्राहियों को दी जा रही सहायता की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि एक भी हाई रिस्क माता को चिन्हांकित करने से न चूका जाए और सभी का सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जाए।
टीकाकरण एवं सघन मिशन इंद्रधनुष
शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए माइक्रोप्लान बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। छूटे हुए बच्चों और गर्भवती माताओं का सर्वे कर टीकाकरण पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
आयुष्मान भारत योजना
आयुष्मान कार्ड की प्रगति और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में ओपीडी, दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाना केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि लोगों को इसका लाभ दिलाना हमारा उद्देश्य होना चाहिए। सभी पात्र हितग्राहियों के शत-प्रतिशत कार्ड बनाना सुनिश्चित करें।
राष्ट्रीय कार्यक्रम
टीबी मुक्त बेमेतरा अभियान, सिकल सेल स्क्रीनिंग, कुष्ठ, मलेरिया, डेंगू नियंत्रण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी सीएचसी, पीएचसी में दवाओं की उपलब्धता, मानव संसाधन, साफ-सफाई और बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने बैठक में कहा सभी चिकित्सा अधिकारी समय पर अस्पताल में उपस्थित रहें और ओपीडी का संचालन नियमित रूप से करें। जिला अस्पताल से लेकर उप स्वास्थ्य केंद्र तक मरीजों से सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। 102 महतारी एक्सप्रेस और 108 एम्बुलेंस सेवा का रिस्पांस टाइम और बेहतर किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी आपातकालीन सेवा समय पर पहुंच सके। उन्होंने कहा कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में योग सत्र और टेलीमेडिसिन की सुविधा को सक्रिय रूप से संचालित किया जाए।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि "स्वस्थ बेमेतरा ही समृद्ध बेमेतरा की नींव है। अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
बैठक में उपस्थित
समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े, सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, सहायक संचालक जनसंपर्क अधिकारी हेमलाल प्रभाकर, समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी, समस्त विकासखण्ड स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला लेखा एवं डाटा प्रबंधक, जिला मीडिया प्रभारी सहित सभी विकासखण्डों के बीपीएम, बीडीएम एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ