बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति में घबराएं नहीं, प्रशासन एवं पुलिस की टीमों का सहयोग करें तथा स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा को दें सर्वोच्च प्राथमिकता - बेमेतरा पुलिस

जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी, बेमेतरा पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की 
बेमेतरा 27 सितंबर 2026 - जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश के कारण शिवनाथ नदी सहित विभिन्न नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर होने से आवागमन प्रभावित हुआ है। बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन एवं बेमेतरा पुलिस द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रखते हुए स्थिति की सतत निगरानी की जा रही है। 
  पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू एवं श्रीमती शशिकला उईके के मार्गदर्शन में बेमेतरा पुलिस द्वारा बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। कई स्थानों पर सड़क के दोनों ओर बेरिकेडिंग कर आवागमन प्रतिबंधित किया गया है तथा वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को प्रभावित मार्गों पर आगे नहीं बढ़ने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की समझाइश दी जा रही है। 
  जलस्तर बढ़ने से प्रभावित प्रमुख मार्गों में बेमेतरा-दुर्ग मुख्य मार्ग स्थित समोदा नाला, बेरला-रायपुर मार्ग पर पठारीडी के पास खारुन नदी, साजा-थानखम्हरिया मार्ग पर नकटा नाला, रौद्रा-बगलेड़ी मार्ग पर डोटू नाला, नवकेशा-देवकर-जालबांधा मार्ग, थान खम्हरिया-सिल्हाटी मार्ग, बोरतरा-परपोड़ी मार्ग पर सुरही नदी से जुड़ा मार्ग, नवागढ़-भाठापारा मार्ग, शिवनाथ नदी बेमेतरा से बेरला बावनलाख, सरदा, अमोरा घाट तथा बेमेतरा-सिमगा पुराना पुल शामिल हैं। 
  इसके अलावा नांदघाट बस स्टैंड, ग्राम खपरी, ग्राम बारहडेरा बाजार पारा, देवकर सुरही नदी, नांदघाट-तरपोंगी मार्ग, चिचोली नयापारा-करमसेन मार्ग, ग्राम अकोली रपटा, भद्राली-पिरैया मार्ग एवं ग्राम पलेनी स्थित डोटू नाला सहित अन्य स्थानों पर भी जलस्तर बढ़ने से सुरक्षा की स्थिति बनी हुई है। 
सुरक्षा एवं राहत कार्य - बाढ़ प्रभावित ग्रामों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों एवं राहत शिविरों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। पुलिस एवं जिला प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहकर राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दे रही हैं। 

चालकों से अपील - बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि जलभराव वाले मार्गों, पुल-पुलियों एवं नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं। पानी का बहाव कम दिखाई देने पर भी नदी, नाले अथवा पुल-पुलिया को पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगाए गए बेरिकेड्स एवं सुरक्षा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। 

नागरिकों से अपील - बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति में घबराएं नहीं, प्रशासन एवं पुलिस की टीमों का सहयोग करें तथा स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ