विद्यार्थी ही विकसित भारत के भविष्य के निर्माता - विधायक दीपेश साहू

बच्चों की रचनात्मकता देती है समाज को नई दिशा - नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा 

सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं भाषण के माध्यम से दिया विकसित भारत का संदेश 
बेमेतरा 28 सितंबर 2026 - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमेतरा में विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। 

बच्चों ने प्रस्तुत की भाषण व चित्रकला प्रतियोगिता 
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’ के संकल्प को केंद्र में रखते हुए अपने विचार भाषण के माध्यम से प्रस्तुत किए। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने कागज पर अपनी कल्पनाओं और रचनात्मकता को उकेरते हुए विकसित भारत की परिकल्पना, देश के विकास और नागरिकों की भूमिका को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया। 
विधायक दीपेश साहू ने कहा - विद्यार्थी ही विकसित भारत के भविष्य के निर्माता 
मुख्य अतिथि बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के विकास की वास्तविक शक्ति हमारे युवा और विद्यार्थी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प देशवासियों के सामने रखा है। इस संकल्प को पूरा करने में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल आर्थिक विकास का नाम नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और संस्कारों से समृद्ध भारत का निर्माण है। आज बच्चों ने अपने भाषण और चित्रों के माध्यम से जिस प्रकार विकसित भारत की कल्पना प्रस्तुत की है, वह सराहनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, नई चीजें सीखने और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। 
      विधायक श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाया जा रहा सेवा संकल्प अभियान समाज में सेवा, जागरूकता और सकारात्मक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 

विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने का मिलता हैं अवसर 
पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल ने कहा कि विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब आज की युवा पीढ़ी शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ आगे बढ़ेगी। 
नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा बच्चों की रचनात्मकता समाज को नई दिशा देती है 
नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि बच्चों ने चित्रकला और भाषण के माध्यम से विकसित भारत की जो तस्वीर प्रस्तुत की है, वह उनकी सोच और प्रतिभा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से ही देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

विद्यार्थियों ने लिया विकसित भारत के निर्माण में योगदान का संकल्प 
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत के विभिन्न पहलुओं को अपने भाषण और चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। किसी ने स्वच्छ भारत, किसी ने आधुनिक शिक्षा, डिजिटल भारत, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत तो किसी ने तकनीकी एवं आर्थिक प्रगति को विकसित भारत की आधारशिला बताया।

अतिथियों ने किया अवलोकन 
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। 

आयोजन में रहीं उपस्थिति 
इस अवसर पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधि राजेंद्र शर्मा, संध्या परगनिया, कार्यक्रम संयोजक निशा चौबे, पूर्व पार्षद प्रवीण नीलू राजपूत, पार्षद राजू साहू, विकाश खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती कामिनी महिलांगे, BRC राजेंद्र साहु, कविता बाजपेयी, शिव बसंत टंडन, उमा जाटा, भारती गृतलहरे, समस्त सीएससी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ