जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा ने किया आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विरोध प्रदर्शन व पुतला दहन

कांग्रेसजनों ने कलेक्टोरेट तक विशाल विरोध मार्च तथा हाथों में काली पट्टी बांधकर लोकतांत्रिक तरीके से कराया अपना विरोध दर्ज 
बेमेतरा 28 सितंबर 2026 - जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष आशीष छाबड़ा के नेतृत्व में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बेमेतरा जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग तथा उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों एवं मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा द्वारा आज जिला कलेक्टोरेट तक विशाल विरोध मार्च निकाला गया तथा हाथों में काली पट्टी बांधकर कांग्रेसजनों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। 

पुतला दहन 
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया। 

चुनाव आयोग की एक संवैधानिक संस्था है, उसका जिस तरह दुरुपयोग भारतीय जनता पार्टी के द्वारा किया गया है 
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम जनता को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि चुनाव आयोग की एक संवैधानिक संस्था है, उसका जिस तरह दुरुपयोग भारतीय जनता पार्टी के द्वारा किया गया है और विशेष रूप से मुख्य चुनाव आयुक्त के द्वारा जिस तरीके से चुनाव आयोग को संचालित किया गया है वह बहुत ही दुर्भाग्य जनक है, साथ ही साथ यह भारत के लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। अगर आज समय रहते इसका विरोध नहीं किया गया तो आने वाले समय में लोकतंत्र को खतरा उत्पन्न हो जाएगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुनाव आयोग में बैठकर भाजपा कार्यकर्ता की तरह कार्य कर रहे हैं
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुनाव आयोग में बैठकर भाजपा कार्यकर्ता की तरह कार्य कर रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त के द्वारा सीधे-सीधे वोट चोरी करके भाजपा के झोली में डाला जा रहा है। हमारे नेता राहुल गांधी हमेशा से ही कहते आए हैं कि चुनाव आयोग ठीक से काम नहीं कर रहा है। आखिरकार आज वह बात सबके सामने सच साबित हुई। मुख्य चुनाव आयुक्त का यह कारनामा कांग्रेस ने तो पहले ही उजागर कर दिया था, किंतु अब स्वतंत्र पत्रकार के द्वारा उजागर किया गया है, जो कहीं ना कहीं भाजपा के द्वारा लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए किए जा रहे पुख्ता सबूत के रूप में सामने आया है। 

   सभा को पूर्व संसदीय सचिव गुरदयाल बंजारे ने भी संबोधित किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान पुतला दहन कर अपनी मांगों को बुलंद किया। 

धरना व विरोध प्रदर्शन में हुए शामिल 
इस विरोध प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, पूर्व विधायक नवागढ़ गुरदयाल सिंह बंजारे सहित जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सेवादल, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी, अनुसूचित जाति/जनजाति कांग्रेस, इंटक, खेल प्रकोष्ठ, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, चिकित्सा प्रकोष्ठ, युवा कांग्रेस, एनएसयूआइ, जिला पंचायत एवं जनपद सदस्यगण, पार्षदगण, मंडल एवं बूथ कमेटियों सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ