डॉ. शिवेन्द्र त्रिपाठी एवं जितेन्द्र शुक्ला ‘कर्मवीर सम्मान’ से अलंकृत

सिविक सेंटर कला मंदिर भिलाई में ‘आज की जनधारा’ के स्थापना दिवस पर आयोजित हुआ गरिमामय सम्मान समारोह 
बेमेतरा 25 सितंबर 2026 - दैनिक आज की जनधारा के स्थापना दिवस के अवसर पर सिविक सेंटर कला मंदिर भिलाई में गरिमामय ‘कर्मवीर सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। 

डॉ. शिवेन्द्र व जितेन्द्र का सम्मान 
समारोह में स्वास्थ्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए डॉ. शिवेन्द्र त्रिपाठी तथा पत्रकारिता एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जितेन्द्र शुक्ला को ‘कर्मवीर सम्मान’ से अलंकृत किया गया। सम्मान प्राप्त करने पर उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दोनों विभूतियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। 

परंपरा को बढ़ाया जा रहा आगे 
कार्यक्रम के आयोजक रमेश गुप्ता दैनिक आज की जनधारा ने कहा कि संस्था द्वारा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले कर्मवीरों को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, खेल, कला-संस्कृति, पत्रकारिता एवं उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि इन कर्मवीरों की सेवा भावना, समर्पण और निरंतर प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। 

यह सम्मान व्यक्तिगत उपलब्धि से अधिक समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा 
सम्मान ग्रहण करने के बाद डॉ. शिवेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से अधिक समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ पहुंचना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया। 

पत्रकारिता समाज की आवाज को सामने रखने का महत्वपूर्ण माध्यम 
वहीं जितेन्द्र शुक्ला ने सम्मान के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज की आवाज को जिम्मेदारी के साथ सामने रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के साथ समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करते हुए हमेशा जनहित को प्राथमिकता देने का प्रयास रहा है। ‘कर्मवीर सम्मान’ आगे भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेगा। 

कार्यक्रम में रहा सम्मान, सेवा, समर्पण की भावना 
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अतिथिगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण सम्मान, सेवा और समाज के प्रति समर्पण की भावना से ओत-प्रोत रहा। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ