बेरला में शिक्षक सम्मान समारोह एवं रक्तदान शिविर का आयोजन, सेवानिवृत्त और उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान
बेमेतरा 19 सितंबर 2026 - सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज 1993 से चली आ रही गौरवशाली परंपरा के तहत कृषि उपज मंडी प्रांगण बेरला में शिक्षक सम्मान समारोह एवं रक्तदान शिविर का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त, उत्कृष्ट शिक्षकों और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। वहीं कार्यक्रम में में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अतिथि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, अतिविशिष्ट अतिथि शिक्षा आयोग अध्यक्ष सुधीर गौतम एवं अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने की।
शिक्षक केवल पढ़ाते नहीं, करते हैं पीढ़ियों का निर्माण
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाते नहीं, बल्कि पीढ़ियों का निर्माण करते हैं। शिक्षा व्यवस्था की आत्मा शिक्षक होती है। एक शिक्षक का छोटा सा मार्गदर्शन विद्यार्थी का पूरा जीवन बदल देता है।
उन्होंने कहा कि 1993 से निरंतर चल रहा यह सम्मान समारोह बेरला की शिक्षा के प्रति सम्मान की जीवंत परंपरा है। उन्होंने कहा कि आज केवल डिग्री नहीं, शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी है। शिक्षक राष्ट्र निर्माण के मौन शिल्पकार हैं।
वहीं इस अवसर पर पूर्व विधायक अवधेश चंदेल ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है।
16 युवाओं ने किया रक्तदान
विधायक दीपेश साहू ने रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं, आपका एक यूनिट रक्त किसी के जीवन की उम्मीद बन सकता है। रक्तदान शिविर में 16 युवाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का परिचय दिया।
कार्यक्रम में उपस्थिति
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष माधुरी परगनिहा, नगर पंचायत अध्यक्ष विशालराज देशलहरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष खुशबू पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ