बच्चों की रचनात्मकता और शिक्षा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव - नगर पालिका बेमेतरा अध्यक्ष विजय सिन्हा

आत्मानंद कन्या विद्यालय में चित्रकारी एवं न्योता भोज का आयोजन, नपा अध्यक्ष विजय सिन्हा हुए शामिल 
बेमेतरा 19 सितंबर 2026 - देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आज आत्मानंद कन्या विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने शामिल होकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। 

छात्राओं ने चित्रकारी के माध्यम से दी जानकारी 
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने चित्रकारी के माध्यम से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया। छात्राओं द्वारा बनाए गए चित्रों में देशभक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा एवं विकसित भारत की परिकल्पना जैसे विषयों को प्रमुखता से उकेरा गया। उनकी कला और उत्साह ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। 

न्योता भोज का भी आयोजन 
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में न्योता भोज कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं के साथ भोजन साझा कर उनके साथ आत्मीय संवाद किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच सेवा, सहभागिता और सामाजिक समरसता की भावना को बढ़ावा देना रहा। 
बच्चों की रचनात्मकता और शिक्षा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव 
नगर पालिका बेमेतरा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की रचनात्मकता और शिक्षा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और सेवा भावना से जोड़ने का कार्य करते हैं। 

आयोजन से दिया संदेश 
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सेवा, संस्कार, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संदेश लेकर आया। विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्राओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

आयोजन में रहीं उपस्थिति 
इस अवसर पर भाजपा ज़िला उपाध्यक्ष महेश साहू, एल्डरमेन राकेश मोहन शर्मा, भाजपा नेता योगेश वर्मा, जनभागीदारी अध्यक्ष नेमा गुप्ता, प्राचार्या कविता बाजपेयी सहित शिक्षक उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ