सीएम के सामने छलका विधायक का दर्द, भरे मंच बयां किया मन का दर्द, विपक्ष ने भी ललकारा

पूर्व विधायक ने भी दी आंदोलन की चेतावनी 

स्कूल जतन योजना - बेमेतरा जिलें के जर्जर स्कूलों पर सियासी भूचाल, पक्ष विपक्ष दोनों ने प्रशासन व सरकार को लिया आड़े हाथों 
बेमेतरा 14 सितंबर 2026 - विधायक दीपेश साहू ने रविवार को सीएम की सभा में भरे मंच से स्कूल भवनों के स्थिति पर दर्द बयां किया। दीपेश साहू विधायक बनने के पूर्व शिक्षक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, उन्हें स्कूली समस्या का अनुभव है, मंच से उनके मन का दर्द छलका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के  सामने शिक्षक सम्मान समारोह में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने भारी मन से भवन विहीन स्कूल एवं जिले के जर्जर स्कूल भवनों का कड़वा सच मुख्यमंत्री के सामने रख दिया। विधायक ने साफ कहा कि जिले के कई स्कूल  या तो खंडहर बन चुके हैं या बच्चे जान जोखिम में डालकर पढ़ने को मजबूर हैं, उन्होंने भवन की जरूरत को पढ़कर गिनकर बता दिया। विधायक के इस बयान ने प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है। सवाल उठ रहा है कि जब सत्ता पक्ष का विधायक ही सार्वजनिक मंच से अपनी पीड़ा बताने को मजबूर हो, तो आम जनता की सुनवाई कैसे होती होगी? यह  जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान है। बेमेतरा जिले में तो जांच टीम पर एक किताब लिखी जा सकती है। 

ढाई साल बेमिसाल 
वहीं इस मुद्दे पर विपक्ष हमलावर हो गया है। पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।
यदि प्रशासन स्कूलों में पंखा, पानी, शौचालय और छत जैसी छोटी-छोटी मूलभूत व्यवस्थाएं भी नहीं दे सकता, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। व्यवस्था नहीं सुधरी तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी। गुरुदयाल ने कहा कि सेवा किसका हो रहा है, संकल्प किस चीज का ले रहे हैं, जनता देख रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अकेले बेमेतरा जिले को स्कूल मरम्मत के लिए लगभग एक अरब रुपये दिए। प्रमुख विपक्षी दल होने के नाते तब भाजपा ने फर्जीवाड़ा का आरोप लगाया था। सत्ता में आए ढाई साल पूरे हो गए, एक स्कूल की जांच रिपोर्ट पर मुंह नहीं खुल रहा है। 
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांच का आदेश दो साल पहले दिया था, आज तक एक इंजीनियर पर या एक ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं हुई। यदि बच्चे जान जोखिम में डालकर पढ़ रहे हैं, तो जिले के लिए चिंताजनक है। पूर्व विधायक ने कहा कि अब जमीनी सच्चाई को सार्वजनिक करने का समय आ गया है। सड़क की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। 

ठोस कार्य करते हैं विधायक 
भाजपा नेता देवादास चतुर्वेदी ने कहा कि पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे को सड़क में आने की जरूरत नहीं है, वे आराम करें। बेमेतरा विधायक दीपेश साहू की दूरदर्शी सोच है। अमोरा बेराज, नर्सिंग कॉलेज से लेकर विधि कॉलेज तक के लिए जिसने जिले का पक्ष रखा, वे स्कूल जीर्णोद्धार एवं नवीन भवन की मांग कर बता दिया कि नई पीढ़ी के लिए कितना चिंतित हैं। देवादास ने कहा कि स्कूल जतन योजना फर्जीवाड़ा की जांच होगी। भाजपा की सरकार है वह वर्तमान कार्य का भी जांच कराएगी। एक भी फर्जीवाड़ा करने वाले नहीं बचेंगे। बेमेतरा विधायक ठोस कार्य करते हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ