कोटवारी भूमि को लेकर पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

कोबिया सहित सभी स्थानों की जांच कर कार्यवाही की मांग 

कोटवारी/सेवा भूमि विक्रय में राजस्व अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध, दोषियों को दंड की मांग 
बेमेतरा 14 सितंबर 2026 - जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने सर्किट हाउस में पधारे हुए छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात करते हुए उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें बेमेतरा जिला मुख्यालय के पटवारी हल्का नंबर 27 कोबिया स्थित कोटवारी/सेवा भूमि के विक्रय किए जाने का मामला राज्यपाल के संज्ञान में लाएं। 

पोते के नाम पर फौती 
सौंपे गए ज्ञापन में पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल से शिकायत करते हुए कहा है कि पूर्व में जो कोटवारी भूमि संतू दास मानिकपुरी के नाम पर दर्ज रही है, उसका नामांतरण/फौती उसके पोते प्रदीप कुमार मानिकपुरी के नाम पर कर दिया गया है, जबकि कोटवारी भूमि का फौती दर्ज नहीं किया जाता, ऐसे में उसे भूमि को विक्रय करने के नाम से यह कार्य किया गया है। 

कोटवारी भूमि की जांच व संबंधितों पर कार्यवाही 
जिसमें जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने मांग की है कि कोबिया सहित अन्य ग्रामो की भी कोटवारी भूमि जिन्हें सेवा भूमि कहा जाता है का अवैध रूप से विक्रय किए जाने एवं रजिस्ट्री किए जाने के संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही है, जिसकी जांच की जाए तथा संबंधित दोषियों पटवारी पर कार्यवाही की जाए। 

कोटवारी/सेवा भूमि विक्रय में राजस्व अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध, दोषियों को दंड 
पूर्व विधायक ने बताया कि ग्राम कोबिया जो अब वर्तमान में बेमेतरा नगर पालिका का वार्ड हो चुका है, जहां कोटवार नियुक्त करने की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। वहां पर पूर्व में कोटवार को दी गई सेवा भूमि को विक्रय कर दिया गया है। इसमें तत्कालीन राजस्व विभाग के अधिकारियों की भी भूमिका संदिग्ध रही है। जिसकी जांच किया जाना आवश्यक है और यह शिकायत एकमात्र कोबिया की नहीं है, बल्कि अन्य जगहों से भी इसी तरह की शिकायतें प्राप्त हो रही है। इसलिए आवश्यक है कि इसकी जांच की जाए और दोषियों को दंड दिया जाए। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ