ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, नवीन राशन कार्ड सहित राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ बनेगा नागरिकों की राशन संबंधी समस्याओं के समाधान का माध्यम
बेमेतरा 27 सितंबर 2026 - सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से शासन की योजनाओं और सुविधाओं को सीधे नागरिकों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर के निर्देशन में जिले के सभी विकासखण्डों में खाद्य विभाग द्वारा 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 को सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का समाधान
इन शिविरों के माध्यम से राशन कार्ड से संबंधित विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। ऐसे हितग्राही जिनके राशन कार्ड में अब तक ई-केवाईसी, आधार सीडिंग या मोबाइल सीडिंग नहीं हुआ है, वे शिविर में पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करा सकेंगे।
नया कार्ड सहित संशोधन
इसके साथ ही नवीन राशन कार्ड बनवाने, परिवार के सदस्य का नाम जोड़ने, नाम काटने, शिफ्टिंग सहित राशन कार्ड से जुड़े अन्य कार्यों के लिए भी नागरिकों को सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
योजनाओं की जानकारी
शिविर में हितग्राहियों को स्मार्ट पीडीएस में आवेदन करने की प्रक्रिया, वन नेशन वन राशन कार्ड तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।
नोडल अधिकारी नियुक्त
सेवा सेतु शिविरों के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक विकासखण्ड में सहायक खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उद्देश्य - सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ का उद्देश्य नागरिकों और शासन के बीच सेवा की मजबूत कड़ी बनाते हुए योजनाओं का लाभ सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से आमजन तक पहुंचाना है।
अपील - जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर राशन कार्ड से संबंधित कार्यों का निराकरण कराएं और शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।
0 टिप्पणियाँ