तिरंगे के रंग में रंगा बारगांव का स्कूल, बच्चों ने निकाली स्वतंत्रता सेनानियों की झांकी, गूंजा ‘वंदे मातरम’
बेमेतरा 13 अगस्त 2026 - देश की आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव में तिरंगा अभियान का गुरुवार को सातवां दिवस मनाया गया। देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों से सराबोर रहा और पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के भाव से भर उठा।
झांकी व प्रार्थना सभा
कार्यक्रम के दौरान कनिष्ठ वर्ग के छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता सेनानियों की जीवंत झांकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने तिरंगे के साथ विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया। बच्चों के हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज और उनका उत्साह उपस्थित लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत कर रहा था।
अभियान बना एक जन आंदोलन
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्याम सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। गांवों से लेकर शहरों तक लोग उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का बच्चों और युवाओं पर विशेष प्रभाव पड़ रहा है तथा वे देश के स्वतंत्रता संग्राम और वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह भारत की एकता, अखंडता और विविधता को एक सूत्र में बांधने का संदेश देता है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से उन्हें परिचित कराना है।
बच्चों में राष्ट्र प्रेम, एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत
कार्यक्रम का संचालन कर रहे डीआर साहू ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में देश के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना जागृत करने का अभियान है।
हाथों में तिरंगा लेकर हुए शामिल
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं भी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए।
इस अवसर पर व्याख्याता देवघर कुमार देवांगन, श्याम सुंदर साहू, हिमाचल प्रसाद साहू, संजय कुमार बन्छोर, दौलत राम साहू, हरीश कुमार साहू, भीष्म देव साहू, डीजी रानी साहू, पूर्णिमा साहू, तुलसी साहू, व्यावसायिक शिक्षक गुमान यादव, भूपेंद्र सिन्हा कार्यालय कर्मचारी भीषम साहू, विशेसर निषाद, ओमप्रकाश कुर्रे और नंदरानी सम्मिलित हुए।
पोस्टर और देशभक्ति गायन प्रतियोगिता
इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’, ‘जय हिंद’, ‘वंदे मातरम’ तथा स्वतंत्रता सेनानियों के जयघोष से गूंज उठा। विद्यार्थियों के बीच पोस्टर प्रतियोगिता और देशभक्ति गायन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ एक स्वर में वंदे मातरम का गायन किया। राष्ट्रगीत के गूंजते स्वरों और तिरंगे के प्रति विद्यार्थियों के सम्मान ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ