खेल मनोरंजन के साथ सिखाता हैं जीवन में अनुशासन और टीम भावना - सच्चिदानंद मिश्रा

बारगांव में हुआ विकासखण्ड स्तरीय शालेय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम 
बेमेतरा 13 अगस्त 2026 - स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शास. उच्च. माध्य. विद्यालय बारगांव में बेरला विकासखण्ड स्तरीय शालेय क्रीड़ा बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस खेल प्रतियोगिता में विकासखण्ड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। 

उद्देश्य - 
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं स्थानीय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए एक बेहतर मंच प्रदान करना था। 

पूजन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ 
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यअतिथि सच्चिदानंद मिश्रा सरपंच प्रतिनिधि ग्राम पंचायत बारगांव, विद्यालय के प्राचार्य श्याम सिंह, संकुल समन्वयक सुरेन्द्र पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में माँ सरस्वती के शैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और टॉस उछालकर मैच की शुरुआत कराई। 

उद्घाटन मैच से ही मुकाबला रहा रोमांचक 
उद्घाटन मैच के बाद से ही कोर्ट पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिले विभिन्न आयु वर्गों में कड़ी टक्कर टूर्नामेंट के दौरान अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्गों में एकल और युगल मुकाबले खेले गए खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती और सटीक कट्स से दर्शकों तथा निर्णायकों को खासा प्रभावित किया। कई मैचों में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहां अंतिम अंकों तक विजेता का फैसला कर पाना मुश्किल बना रहा। 

चयनित खिलाड़ी करेंगे जिला स्तरीय में बेरला का प्रतिनिधित्व 
इस विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी अब आगामी जिला स्तरीय शालेय क्रीड़ा बैडमिंटन प्रतियोगिता में विकासखण्ड बेरला का प्रतिनिधित्व करेंगे। 
मनोरंजन के साथ अनुशासन और टीम भावना 
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सच्चिदानंद मिश्रा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि यह हमारे जीवन में अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं। शालेय स्तर पर ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। खेल मैदान में हार-जीत से कहीं अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और निरंतर प्रयास करना है। खेलकूद से बच्चों का आत्मबल और अनुशासन बढ़ता है, जो उन्हें जीवन की हर परीक्षा में सफल होने की प्रेरणा देता है। 

ग्रामीण खिलाड़ियों को सही मंच प्रदान करना 
विद्यालय के प्राचार्य श्याम सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी अत्यंत आवश्यक हैं। खेल बच्चों में टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक दृढ़ता का विकास करते हैं। इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों को सही मंच प्रदान करना है, ताकि वे आगे चलकर जिला और राज्य स्तर से राष्ट्रीय स्तर पर स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन कर सके। 

बेहतर मंच 
संकुल समन्वयक सुरेन्द्र पटेल ने कहा कि शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे आने और अपनी क्षमता साबित करने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है। 

प्रतिभा निखारने का सही मंच 
विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू ने खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करते हुए बताया कि ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इस तरह के विकासखण्ड स्तरीय आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का सही मंच मिलता है। बैटमिंटन कोर्ट पर बच्चों ने जिस अनुशासन और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया है, वह काबिले तारीफ है। इन प्रतिभावान खिलाड़ियों में से कई बच्चे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

जिला स्तर पर प्रतिनिधित्व  
इस प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन कर लिया गया है, यह चयनित टीम अब आगामी जिला स्तरीय शालेय बैडमिंटन प्रतियोगिता में विकासखण्ड का प्रतिनिधित्व करेंगे। 

प्रतियोगिता में उपस्थिति 
इस अवसर पर देवरी प्राचार्य राजेश सिन्हा, व्यायाम शिक्षक लेजवारा राधेश्याम साहू, व्याख्याता त्रिलोक मानिकपुरी, व्याख्याता देवधर देवांगन सहित बड़ी संख्या में छात्र/छात्राएँ उपस्थित रहें। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ