डीएवी स्कूल जांता के खिलाड़ियों का क्लस्टर स्पोर्ट्स में शानदार प्रदर्शन, बालक-बालिकाओं का क्लस्टर लेवल खेलों में रहा दबदबा
बेमेतरा 02 अगस्त 2026 - गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल, अनुशासन एवं व्यक्तित्व विकास को समान महत्व देने वाले डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता के विद्यार्थियों ने डीएवी क्लस्टर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता का आयोजन कबड्डी (नंदिनी), खो-खो (जामुल) एवं एथलेटिक्स (सेक्टर-2 भिलाई) अन्य खेल डीएवी हुडको भिलाई में संपन्न हुआ, जहाँ विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अंडर-17 वर्ग के सीताराम ने 1500 मीटर दौड़ एवं 800 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। अंडर-14 वर्ग के मोहन साहू ने 1500 मीटर दौड़ में प्रथम एवं हाई जम्प में प्रथम स्थान प्राप्त कर इन्होंने भी दो स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वही आयुष ध्रुवे ने 800 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान पर कांस्य पदक प्राप्त किया। नारायण यादव ने 400 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया, जबकि धनेश्वर ने लॉन्ग जंप में तृतीय स्थान के साथ कांस्य पदक अर्जित किया। विद्यालय की अंडर 17 रिले रेस 4×400 टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कबड्डी प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 बालक, अंडर-14 बालिका, अंडर-17 बालक एवं अंडर-17 बालिका चारो टीमों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल के बल पर प्रथम स्थान पर स्वर्ण पदक हासिल करते हुए चारों वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं अंडर-19 बालक कबड्डी टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खो-खो प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 बालक एवं अंडर-14 बालिका टीमों ने द्वितीय स्थान अर्जित कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ा।
विद्यालय के प्राचार्य पीएल जायसवाल ने सभी विजेता खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कार, नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसका परिणाम है कि विद्यालय के विद्यार्थी निरंतर जिला, क्लस्टर एवं उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। प्राचार्य श्री जायसवाल ने आगे जानकारी साझा किया कि विद्यालय के खेल प्रभारी शिक्षक अकलेश पटेल के नेतृत्व में विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रत्येक वर्ष नेशलन स्पोर्ट्स दिल्ली मे शामिल होकर विद्यालय के नाम को ऊंचा कर रहे हैं।
विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों, खेल प्रभारी शिक्षक एवं सहयोगी शिक्षकों को इस उल्लेखनीय सफलता के लिए शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी विद्यालय के विद्यार्थी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
0 टिप्पणियाँ