स्मार्ट मीटर व बिल में यूनिट की छूट को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
बेमेतरा 01 अगस्त 2026 - छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा के नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा प्रदेश की जनता की आवाज को सड़क से सदन तक बुलंद किया जा रहा हैं।
भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार ऐसे निर्णय ले रही है, जिनका सीधा बोझ आम जनता, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। बिजली की दरों में लगातार वृद्धि और स्मार्ट मीटर लागू करने की प्रक्रिया से लोगों में भारी असंतोष है। भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की जनता को 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना का लाभ मिल रहा था, जिससे लाखों परिवारों को आर्थिक राहत प्राप्त होती थी। भाजपा सरकार ने इस जनहितकारी योजना को प्रभावी रूप से समाप्त कर जनता को महंगी बिजली के बोझ तले दबा दिया है।
कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि इस योजना को तत्काल पुनः लागू किया जाए ताकि गरीब, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत मिल सके।
जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर प्रदेश की जनता से अधिक राशि वसूली जा रही है। देश के अनेक राज्यों में स्मार्ट मीटर को लेकर जनता ने गंभीर शिकायतें दर्ज कराई हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ की जनता पर भी इसे थोपना पूरी तरह अनुचित है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल बंद की जाए तथा पहले से लगाए गए स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष समीक्षा कर जनता की समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता पर मुनाफाखोरी स्वीकार नहीं की जा सकती।
कांग्रेस पार्टी की प्रमुख मांगें हैं -
1. बिजली बिल की बढ़ी हुई दरों को तत्काल वापस लिया जाए।
2. स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल निरस्त किया जाए।
3. कांग्रेस सरकार की जनहितकारी 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू किया जाए।
घरेलू, कृषि एवं छोटे व्यापारिक उपभोक्ताओं को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जाए। बिजली व्यवस्था में पारदर्शिता लाते हुए उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सदैव जनता के अधिकारों और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है। भाजपा सरकार यदि जनता की इन न्यायसंगत मांगों की अनदेखी करती रही, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाकर जनता की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक और अधिक मजबूती से उठाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह संघर्ष किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को महंगी बिजली, बढ़ते आर्थिक बोझ और जन विरोधी नीतियों से राहत दिलाने के लिए है। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी और हर स्तर पर उनकी आवाज बुलंद करेगी।
0 टिप्पणियाँ