तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का हैं प्रतीक - जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी

जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी के नेतृत्व में निकलेगी ‘तिरंगा साइकिल यात्रा 2026 
 
तिरंगा साइकिल यात्रा का उद्देश्य तिरंगे का सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश देना, 11 को गुधेली, सोढ़ एवं 13 को कुसमी, रांका कठिया 
बेमेतरा 09 अगस्त 2026 - देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला पंचायत बेमेतरा की अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न ग्रामों एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में ‘तिरंगा साइकिल यात्रा 2026’ का आयोजन किया जाएगा। ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में छात्र और छात्राओं के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक उत्साहपूर्वक सहभागी बनेंगे। 

देश के प्रति गौरव, एकता एवं अखंडता का संदेश  
साइकिल यात्रा के माध्यम से तिरंगे के प्रति सम्मान, देश के प्रति गौरव और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया जाएगा। 9 से 17 अगस्त 2026 तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिलेवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय गौरव के इस उत्सव में सहभागी बनने की अपील की गई है। 

तिरंगा साइकिल यात्रा का रूटाचर्ट 
जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष के तिरंगा साइकिल यात्रा आयोजन के तहत दिनांक 11 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राम गुधेली, दोपहर 1:30 बजे पंडित जवाहर लाल नेहरू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राम सोढ़, दिनांक 13 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ठ अंग्रेजी एवं हिन्दी उच्चतर माध्यमिक शाला नगर पंचायत कुसमी, दोपहर 1:30 बजे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ठ अंग्रेजी एवं हिन्दी उच्चतर माध्यमिक शाला ग्राम रांका-कठिया में निकली जाएगी। 

स्वतंत्रता, एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक - जिला पंचायत अध्यक्ष  
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। तिरंगे के तीनों रंग और अशोक चक्र हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, त्याग, शांति, साहस और निरंतर प्रगति की प्रेरणा देते हैं। 

तिरंगा साइकिल यात्रा का उद्देश्य  
उन्होंने कहा कि तिरंगा साइकिल यात्रा का उद्देश्य केवल यात्रा निकालना नहीं, बल्कि युवाओं और नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा उन्हें देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करना है। जब तिरंगा हर घर तक पहुंचेगा और हर व्यक्ति उसके सम्मान के महत्व को समझेगा, तभी ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य सार्थक होगा।  

राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने की अपील  
अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने जिले के जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं समस्त नागरिकों से अपील की कि वे तिरंगा साइकिल यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाएं और ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ के संदेश को गांव-गांव एवं घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान में एकजुट होकर चलना, राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी और प्रेम को व्यक्त करने का अवसर है। आइए, तिरंगे की आन-बान-शान के लिए एक साथ आगे बढ़ें और देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ