कबीर आश्रम साजा में दो दिवसीय अखंड सत्यनाम धुन का समापन, दूसरे दिन सोमवार को नवोदित वंशाचार्य उदितमुनि नाम साहब के साजा आगमन पर हुआ भव्य व धूमधाम से स्वागत
नवोदित वंशाचार्य ने 80 युवाओं को दी दीक्षा, वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण कर दिए पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन का संदेश
बेमेतरा 03 अगस्त 2026 - जिलें के साजा नगर के श्री सद्गुरु कबीर आश्रम क्षेत्र साजा (जिला बेमेतरा, छत्तीसगढ़) में आयोजित दो दिवसीय अखंड सत्यनाम धुन (आठवाँ वर्ष) का भव्य और भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। पंथश्री हुजूर प्रकाशमुनीनाम साहब एवं पंथश्री हुजूर उदितमुनी नाम साहब के आशीर्वाद से आयोजित इस वार्षिक आयोजन में क्षेत्रभर से हजारों कबीर पंथी श्रद्धालु शामिल हुए।
धूमधाम से हुआ नवोदित वंशाचार्य का स्वागत
कार्यक्रम के दूसरे दिन सोमवार को नवोदित वंशाचार्य पंथश्री हुजूर उदितमुनी नाम साहब का साजा आगमन हुआ। कबीरपंथियो ने मुख्य मार्ग से पंथश्री का भव्य शोभा यात्रा के स्वागत किया गया। आश्रम परिसर पहुँचने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा उनका भव्य एवं धूमधाम से आत्मीय स्वागत किया गया। आश्रम पहुंच पंथश्री उदितमुनि नाम साहब ने निशान पूजन कर वृक्षारोपण किया।
इसके पूर्व रविवार को ममतामयी गुरु माता मनीषा देवी साहिबा के पावन सानिध्य में भव्य शोभायात्रा, दीप प्रज्वलन और सत्यनाम धुन की शुरुआत हुई थी।
300 चौका आरती से जगमगाया परिसर
सोमवार दोपहर आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान नवोदित वंशाचार्य पंथश्री उदितमुनि नाम साहब के पावन सानिध्य में सात्विक यज्ञ और आनंदी चौका आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान एक साथ 300 चौका आरती (दीपक) जलाई गईं। 300 दीपों की अलौकिक ज्योति से पूरा कबीर आश्रम भक्ति और सात्विक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। इसके साथ ही उन्होंने कबीर आश्रम साजा के द्वारा आयोजित दो दिवसीय अखंड सत्यनाम धुन का समापन भी किया।
80 युवाओं को मिली दीक्षा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ इस अवसर पर सामाजिक व आध्यात्मिक चेतना का संदेश भी दिया गया :
दीक्षा संस्कार : नवोदित वंशाचार्य उदितमुनि नाम साहब ने 80 युवाओं को दीक्षा प्रदान कर उन्हें कबीर साहब के बताए सत्य, अहिंसा, दया और सात्विक मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया।
पर्यावरण संवर्धन : "जीव दया और आतम पूजा" के संदेश को साकार करते हुए आश्रम परिसर में वृक्षारोपण किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं को पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।
गुरु साहब का आशीर्वचन
सत्संग सभा को संबोधित करते हुए वंशाचार्य पंथश्री उदितमुनि नाम साहब ने कहा कि अध्यात्म और प्रकृति का गहरा संबंध है। युवाओं को सात्विक जीवन शैली अपनाने के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए।
दो दिवसीय इस अखंड सत्यनाम धुन के सफल आयोजन में कबीर आश्रम समिति, स्थानीय सेवा मंडली और बेमेतरा जिले के नेमी-प्रेमी श्रद्धालुओं का सराहनीय सहयोग रहा। आयोजन में क्षेत्र के साथ आसपास जिलों व राज्य से भी कबीरपंथी व अनुयायियों का आगमन हुआ।
0 टिप्पणियाँ