जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव बेरला में उप मुख्यमंत्री साव ने बच्चों को तिलक लगाकर कराया शाला प्रवेश, किया सायकल व पुस्तक का वितरण
उप मुख्यमंत्री साव ने आंवले के पौधे का रोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
उप मुख्यमंत्री ने जमीन में बैठकर पतरी में किया बच्चों संग सामूहिक न्योता भोज
नपं बेरला को विकास कार्यो के लिए 2.60 करोड़ स्वीकृत की घोषणा
बेमेतरा 10 जुलाई 2026 - शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों में स्कूल के प्रति उत्साह जगाने के उद्देश्य से जिले में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन आज जिला बेमेतरा के बेरला में मंडी प्रांगड़ में धूमधाम से किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्नेहभाव पूर्वक शाला में प्रवेश कराया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बच्चों से आत्मीय संवाद
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बच्चों को शाला प्रवेश कराकर स्वागत किया। उन्होंने कक्षा पहली सहित विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के माथे पर तिलक लगाया और उन्हें पुस्तकें व स्टेशनरी व शाला गणवेश वितरित किया। इस दौरान बच्चों के साथ स्नेह पूर्वक फोटो भी खिंचवाई और उनसे बातचीत की। नव प्रवेशी बच्चों से बात कर परिचय किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को जीवन की पहली पाठशाला में प्रवेश को यादगार बनाने के उद्देश्य से मन लगाकर पढ़ाई करने आशीर्वाद भी दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि आप ही भावी भारत का भविष्य हैं। देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी आने वाले समय में आपके कंधों पर होगी। इसलिए मन लगाकर पढ़ाई करें। अनुशासन में रहें और बड़े सपने देखें।" इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
आंवला पेड़ का रोपण कर दी पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश देते हुए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत आंवले के पौधे का रोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
जमीन में बैठकर पतरी में किया बच्चों संग सामूहिक न्योता भोज
जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आत्मीयता की मिसाल पेश की। उन्होंने मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ जमीन पर बैठकर न्यौता भोज ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री जैसे ही भोजन कक्ष में पहुंचे, उन्होंने कुर्सी-टेबल की बजाय बच्चों के साथ जमीन पर पंक्तिबद्ध होकर बैठना पसंद किया। थाली में परोसा गया भोजन खुशनुमा माहौल में बच्चों के साथ मिलकर खाया।
शिक्षा ही विकास की आधारशिला - साव
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। शाला प्रवेश उत्सव का मकसद यही है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं, स्मार्ट क्लास, मध्यान्ह भोजन और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं के माध्यम से बच्चों को बेहतर माहौल दिया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि एक अच्छा शिक्षक ही अच्छे नागरिक गढ़ता है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में असफलता से हताश, निराश न होवें। जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर सफलता की ओर अग्रसर होवें।
बालिकाओं को साइकिल भेंट
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने 20 बालिकाओं को साइकिल प्रदाय किया। सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत साइकिल मिलने से बालिकाओं के चेहरे में मुस्कान देखेने को मिला। साईकिल मिलने से बेटियों को सुगमतापूर्वक शाला आने जाने की सुविधा मिलेगी।
मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित
इस अवसर पर जिले में बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। साथ ही नवोदय विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों को सम्मनित किया गया।
नपं बेरला को 2.60 करोड़ स्वीकृत की घोषणा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने क्षेत्र में विकास की रेखा को अनवरत रखते हुए बड़ी सौगातें दी। उन्होंने यहां बेरला में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए, स्टेडियम निर्माण कार्य के लिए 50 लाख रुपए एवं शासकीय कन्या विद्यालय में बाउंड्रीवाल के लिए 10 लाख रूपए की घोषणा की।
बच्चों को ज्ञानवान ऊर्जावान बनाएं, खाद्य मंत्री : मंत्री दयाल दास बघेल
इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल बघेल ने नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि बच्चें देश की भावी पीढ़ी है। जिस पर देश का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी होकर देश का नाम रोशन करने कहा। पालकों एवं शिक्षकों को बच्चों को ज्ञानवान, ऊर्जावान बनाने में अपनी भूमिका निभाने कहा।
"शिक्षा ही सफलता की कुंजी है : सांसद विजय बघेल
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को बदलने का सबसे बड़ा माध्यम है। आप मन लगाकर पढ़ाई करें, अनुशासन में रहें और अपने माता-पिता व गुरुजनों का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं, स्मार्ट क्लास, छात्रवृत्ति और निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के माध्यम से हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। सांसद ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजें। बेटा-बेटी में कोई भेद न करें और दोनों को समान अवसर दें। इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू ने भी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए संबोधित किया।
कार्यक्रम में रजककार विकास बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष जितेन्द्र साहू सहित अनेक जन प्रतिनिधि, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, पुलिस महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू, शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। बच्चों के प्रवेश के साथ पूरे स्कूल परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले की सभी शालाओं में प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा ताकि शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जा सके।
0 टिप्पणियाँ