राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने कलेक्ट्रेट पहुंचे गौभक्तों ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कलेक्टर से मुलाकात नहीं होने पर धरने पर बैठे, एडीएम को सौंपा ज्ञापन 
बेमेतरा 27 जुलाई 2026 - अखिल भारतीय स्तर पर संचालित 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' के तहत सोमवार को बेमेतरा शहर में गौभक्तों एवं गौसेवा से जुड़े लोगों ने अनोखा प्रदर्शन किया। सभी बेसिक स्कूल मैदान में इकट्ठा हुए और वहीं से रैली निकालते हुए बड़ी संख्या में लोग बेमेतरा कलेक्ट्रेट पहुंचे और भारतीय संविधान के अनुच्छेद 48 एवं 51A (g) की मूल भावना के अनुरूप वेदलक्षणा गौवंश को "राष्ट्र माता/राष्ट्र आराध्या" का संवैधानिक दर्जा देने, केंद्रीय गौसेवा मंत्रालय की स्थापना तथा एकीकृत केंद्रीय कानून बनाए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की ओर से पहले नायब तहसीलदार जयंत पाटले को ज्ञापन लेने भेजा गया, लेकिन प्रदर्शनकारी सीधे कलेक्टर से मुलाकात कराने की मांग पर अड़ गए। कलेक्टर से मुलाकात नहीं होने पर उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। 
     स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज को मौके पर भेजा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपर कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम संबोधित स्मरण-पत्र सौंपा। 
    ज्ञापन में बताया गया कि 27 अप्रैल 2026 को देशभर की 5100 तहसीलों से सवा पाँच करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों के साथ राष्ट्रपति को प्रार्थना-पत्र भेजा गया था, लेकिन अब तक मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण पुनः स्मरण-पत्र सौंपा जा रहा है। ज्ञापन के साथ गौ संरक्षण की कार्ययोजना, कानूनी एवं शोध संबंधी दस्तावेज तथा डिजिटल माध्यम से हस्ताक्षरयुक्त समर्थन सूची भी संलग्न की गई। 
    प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गौवंश संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण और संविधान की भावना से जुड़ा राष्ट्रीय विषय है।  
     उन्होंने केंद्र सरकार से शीघ्र निर्णय लेकर गौवंश संरक्षण के लिए प्रभावी कानून बनाने की मांग की। गौ सेवकों ने मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को स्मरण पत्र सौंपा गया हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ