अभाविप साजा ने नवपदस्थ डीन डॉ. पुर्नेद्र साहू का श्रीफल एवं श्रीमद्भगवद्गीता भेंटकर किया अभिनंदन

अभाविप एवं डीन के मध्य महाविद्यालय के समग्र विकास, छात्र हित, शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान कार्यों एवं कृषि शिक्षा जैसे विभिन्न विषयों पर हुई सकारात्मक चर्चा 
बेमेतरा 01 जून 2026 - अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद साजा द्वारा कृषि उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र मोहगांव के नवपदस्थ डीन (प्राचार्य) डॉ. पुर्नेद्र साहू का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सौजन्य मुलाकात कर उन्हें श्रीफल एवं श्रीमद्भगवद्गीता भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके सफल, यशस्वी एवं विद्यार्थी हितैषी कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित की। 
   परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि डॉ. साहू जैसे अनुभवी शिक्षाविद के नेतृत्व में महाविद्यालय शैक्षणिक, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां अर्जित करेगा तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
     इस दौरान परिषद कार्यकर्ता एवं डॉ. पुर्नेद्र साहू के मध्य महाविद्यालय के समग्र विकास, छात्र हित, शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान कार्यों एवं कृषि शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने जैसे विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। परिषद के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों से संबंधित आवश्यक सुविधाओं, अध्ययन अध्यापन की गुणवत्ता, प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय संसाधनों के विस्तार तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास से जुड़े विषयों पर भी अपने विचार रखे। 
     डीन डॉ. पुनेंद्र साहू ने परिषद के कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं महाविद्यालय की प्रगति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का विश्वास दिलाया। 
       इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री सुमन साहू ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ. पुर्नेद्र साहू का प्रशासनिक एवं शैक्षणिक अनुभव महाविद्यालय को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की प्रगति उसके नेतृत्व, अनुशासन एवं दूरदर्शी सोच पर निर्भर करती है। परिषद को पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में महाविद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि होगी, अनुसंधान गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों का सृजन होगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। 
       नगर मंत्री सुमन साहू ने आगे कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देश का सबसे बड़ा छात्र संगठन होने के नाते सदैव छात्र हितों की रक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा राष्ट्रहित के विषयों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। परिषद का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की समस्याओं को उठाना ही नहीं, बल्कि शिक्षा संस्थानों के विकास एवं सकारात्मक वातावरण के निर्माण में सहभागी बनना भी है। परिषद भविष्य में भी महाविद्यालय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के हितों एवं शैक्षणिक उन्नयन के लिए रचनात्मक कार्य करती रहेगी। 
  परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोविन्द साहू ने कहा कि कृषि एवं उद्यानिकी शिक्षा वर्तमान समय की आवश्यकता है तथा इस क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुसंधान के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवपदस्थ डीन के नेतृत्व में महाविद्यालय कृषि नवाचार, अनुसंधान एवं तकनीकी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देगा।
     इस दौरान नगर सह मंत्री सूर्यकांत, झम्मन साहू, रूपेंद्र, हेमा, योगेश्वरी सहित परिषद के अनेक कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।