पद्म पुरस्कार 2027 हेतु नामांकन आमंत्रित

योग्य एवं पात्र व्यक्तियों के नाम 10 जुलाई तक ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज 
बेमेतरा 03 जून 2026 - भारत सरकार द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री पुरस्कार-2027 के लिए नामांकन एवं अनुशंसा प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार पद्म पुरस्कार श्रृंखला के अंतर्गत वर्ष 2027 के लिए नामांकन प्रस्ताव 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल www.awards.gov.in के माध्यम से प्रस्तुत किए जा सकते हैं। 

जिले के योग्य व्यक्तियों के नामांकन हेतु अपील 
जिला प्रशासन ने बेमेतरा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं विशिष्ट योगदान देने वाले योग्य एवं पात्र व्यक्तियों के नामांकन प्रस्ताव भेजने की अपील की है। शिक्षा, साहित्य, कला, विज्ञान, सामाजिक सेवा, चिकित्सा, खेल, लोककला, कृषि, उद्योग, पर्यावरण संरक्षण तथा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले व्यक्तियों के नाम प्रस्तावित किए जा सकते हैं। 

10 जुलाई तक जमा करनी होगी ऑनलाइन आवेदन 
निर्धारित पात्रता एवं मापदंडों के अनुरूप स्पष्ट अनुशंसा सहित नामांकन प्रस्ताव www.awards.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन भरते हुए उसकी प्रति कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग जिला बेमेतरा (छत्तीसगढ़) में 10 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। 

संचालनालय को भेजी जाएगी नामांकित व्यक्तियों की जानकारी 
प्राप्त नामांकन प्रस्तावों की जानकारी नियमानुसार संकलित कर संचालनालय को प्रेषित की जाएगी। इसलिए इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं एवं जनप्रतिनिधि निर्धारित समय-सीमा के भीतर पात्र व्यक्तियों के नामांकन प्रस्ताव प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। 

देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं पद्म पुरस्कार 
पद्म पुरस्कार भारत सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किए जाने वाले देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से समाज, राष्ट्र निर्माण एवं मानवता की सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के योग्य एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों की पहचान कर उनके नामांकन प्रस्ताव समय-सीमा के भीतर प्रस्तुत करें, ताकि जिले की प्रतिभाओं और उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान प्राप्त हो सके।