सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन और स्वच्छ ग्रामीण परिवेश निर्माण पर जोर
बेमेतरा 03 जून 2026 - ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जनपद पंचायत बेमेतरा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक कॉर्डिनेटर, स्वच्छ भारत मिशन के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्राम पंचायतों के सचिव उपस्थित रहे।
बैठक में भारत के सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत पालन पर विशेष बल देते हुए सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
घर-घर कचरा संग्रहण और स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण पर विशेष जोर
बैठक में सभी ग्राम पंचायतों को घर-घर से नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने घरों से निकलने वाले कचरे को प्रारंभिक स्तर पर ही अलग-अलग श्रेणियों में पृथक करें। इससे स्वच्छता समूहों को कचरे की छंटाई में सुविधा होगी तथा अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बन सकेगी।
दुकानों में डस्टबिन रखना होगा अनिवार्य
नए नियमों के तहत सभी दुकानदारों को अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कचरा खुले में न फैले और स्वच्छ वातावरण बना रहे। बैठक में बताया गया कि हरे रंग के डस्टबिन में गीला कचरा, नीले डस्टबिन में सूखा कचरा तथा लाल डस्टबिन में सेनेटरी नेपकिन एवं अन्य जैविक अपशिष्ट रखा जाना है। वहीं ई-वेस्ट, बैटरी एवं एक्सपायरी दवाइयों को अलग से सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए।
गांवों में कहीं भी नहीं दिखना चाहिए कचरे का ढेर
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गांवों में किसी भी स्थान पर कचरे का ढेर दिखाई नहीं देना चाहिए। मिश्रित कचरा देने वाले परिवारों को समझाइश देकर पृथक कचरा संग्रहण की आदत विकसित करने तथा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
फिकल स्लज प्रबंधन एवं सेप्टिक टैंक की वैज्ञानिक सफाई पर चर्चा
बैठक में सेप्टिक टैंक की सुरक्षित सफाई एवं फिकल स्लज प्रबंधन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। ग्राम पंचायत ढोलिया में स्थापित फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट में सेप्टिक टैंक अपशिष्ट के वैज्ञानिक निष्पादन के निर्देश दिए गए। बताया गया कि ग्रामीण न्यूनतम शुल्क जमा कर अपने घरों के सेप्टिक टैंक की सुरक्षित एवं प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा सफाई करा सकते हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य को लाभ मिलेगा।
अवैज्ञानिक तरीके से मल अपशिष्ट निपटान पर होगी कार्रवाई
बैठक में बताया गया कि कई स्थानों पर खुले में सेप्टिक टैंक की सफाई कर मल अपशिष्ट का अवैज्ञानिक निष्पादन किया जाता है, जो स्वास्थ्य एवं पर्यावरण दोनों के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायतों में संपर्क जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश
ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया गया कि पंचायत भवनों में आवश्यक मोबाइल नंबर एवं संपर्क जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित की जाए, ताकि ग्रामीण आवश्यक सेवाओं एवं शिकायतों के लिए आसानी से संपर्क कर सकें।
व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर बल
बैठक में जिले की कलेक्टर के निर्देशों के अनुरूप सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सामूहिक सहभागिता और जनसहयोग से ही स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल ग्रामीण परिवेश का निर्माण संभव है।