प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 08 मार्च 2026 - जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा पूरे प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार को संरक्षण भाजपा की सरकार में मिल रहा है। नशीली दवाएं, प्रतिबंधित गोलियां, अवैध सूखा नशा गली मोहल्ले में निर्बाध बिक रही है, नाबालिक बच्चों तक पहुंचाई जा रही है।
13 माह में नारकोटिक्स के 2599 प्रकरण
पिछले 13 महीना के दौरान 2599 प्रकरण नारकोटिक्स के दर्ज हुए, जो ज्यादातर सोशल मीडिया के माध्यम से उजागर हुए हैं, सरकार का इंटेलिजेंस और प्रशासन मौन हैं। कार्यवाही के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है।
नाबालिक बच्चे सूखे नशे की गिरफ्त में
10 से 17 साल के लाखों नाबालिक बच्चे सूखे नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं, सैकड़ों मौत हो चुकी है लेकिन यह सरकार सोई हुई है।
मुद्रा पोर्ट पर कार्यवाही शून्य
गुजरात का मुद्रा पोर्ट पूरे देश में अवैध नशे की कारोबार का प्रमुख केंद्र बना है, जहां से अफगानिस्तान, पाकिस्तान से होकर ड्रग्स छत्तीसगढ़ तक पहुंच रहा है। भाजपा की सरकारों में साहस नहीं है कि वह अडानी के मुद्रा पोर्ट पर कार्यवाही कर सके।
अफीम की खेती
प्रदेश में अवैध नशे के तस्कर, कोचिंग और बिचौलियों को संरक्षण देते देते भाजपाई अब अफीम की खेती तक उतर आए हैं। कमल खिलाने का दावा करने वाले भाजपाई अफीम के पौधे उगाने लगे हैं।
कार्यवाही के नाम पर फंडिंग
ड्रग पेडलरों पर कार्यवाही के नाम पर केवल टेरर फंडिंग वसूली जा रही है। नव्या मलिक और फर्जी आईबी अधिकारी के मामले में यह सरकार सैकड़ों ड्रग पेडलरों के नाम छुपा रही है, विधानसभा के सवाल पर भी जवाब नहीं दिया गया।
नशाखोरी का अमृतकाल
छत्तीसगढ़ में नशाखोरी का अमृतकाल चल रहा है। भाजपाई अवैध नशे की खेती में आत्मनिर्भर बन रहे हैं। छत्तीसगढ़ को नशे की गर्त में डुबाने का षडयंत्र सत्ता के संरक्षण में रचा गया है।