सरकार की नई योजना में बकाया बिजली बिल उपभोक्ताओं को भुगतान पर मिलेगी भारी छूट व राहत
आनंदगांव अंतर्गत 23 को कुसमी, 25 को तेलगा, 28 को खुड़मुड़ी व 31 को बारगांव में शिविर
बेमेतरा 19 मार्च 2026 - छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पिछले दिनों रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 का शुभारंभ किया।
इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ सरकार बिजली बिल भुगतान पर भारी छुट दी है। योजना के तहत उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। लगभग 75% तक बिजली बिल माफ किया जाएगा। इसके तहत आनंदगांव में 20 मार्च को समाधान योजना शिविर लगाया जाएगा।
आनंदगांव जेई अनामिका सिंह ने बताया कि कोरोना काल के समय आर्थिक स्थिति खराब होने की वजह से बहुत से लोग बिजली बिल नहीं भर पाए थे, जिस वजह से उनका बिजली बिल धीरे-धीरे करके बढ़ते चला गया। सरकार ऐसे लोगों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत उन्हें छूट देगी। यदि उपभोक्ता की बिजली बिल राशि अधिक है और उसे वह भुगतान नहीं कर पाता है तो उसे किस्तों में भी पटाने की सुविधा दी जाएगी। इस योजना का लाभ 30 जून 2026 तक दिया जाएगा। बिजली बिल का भुगतान करने के लिए उपभोक्ताओं को विभाग वेबसाइट पर पंजीयन करना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योजना का लाभ लेने की अपील की।
कई परिवार आर्थिक कारणों से समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाते, जिससे सरचार्ज के कारण बकाया राशि बढ़ जाती है और पूरा भुगतान करना कठिन हो जाता है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने समाधान योजना शुरू की है, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
आनंदगांव कार्यालय अंतर्गत आयोजित शिविर
आनंदगांव जेई अनामिका सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना शिविर 20 मार्च को आनंदगांव, 23 मार्च को कुसमी, 25 मार्च को तेलगा, 28 मार्च को खुड़मुड़ी व 31 मार्च को बारगांव में शिविर लगाया जाएगा।
BPL परिवारों को अतिरिक्त राहत
सरकार ने BPL परिवारों को और ज्यादा राहत दी है। बकाया बिजली बिल की मूल राशि में लगभग 75% तक छूट दी जाएगी। अगर कोई परिवार एक साथ पैसा जमा नहीं कर सकता, तो वह 40 से 60 किस्तों में भुगतान कर सकता है।
30 जून 2026 तक ले सकते हैं योजना का लाभ
इस योजना का लाभ 30 जून 2026 तक लिया जा सकता है। उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली कार्यालय या Mor Bijli App के जरिए योजना की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उपभोक्ताओं की हैं तीन श्रेणियां
बता दें कि योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं की तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, जिनमें 31 मार्च 2023 की स्थिति में निष्क्रिय उपभोक्ता, सक्रिय एकल बत्ती कनेक्शनधारी उपभोक्ता तथा सक्रिय अशासकीय घरेलू एवं अशासकीय कृषि उपभोक्ता शामिल हैं। इन श्रेणियों के उपभोक्ताओं को विद्युत देयक जमा करने के लिए प्रोत्साहन के रूप में अधिभार की राशि में 100 प्रतिशत छूट तथा मूल बकाया राशि में 75 प्रतिशत तक छूट का प्रावधान किया गया है।
योजना का लाभ पंजीकृतो को
योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को पंजीयन कराना होगा और पंजीयन के समय बकाया राशि का न्यूनतम 10 प्रतिशत भुगतान करना अनिवार्य होगा। शेष राशि का भुगतान किस्तों में किया जा सकेगा और आगामी माह में कोई अधिभार नहीं लगेगा। यह योजना 30 जून 2026 तक प्रभावशील रहेगी।