श्रमिकों के पंजीयन एवं योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाने किए जा रहे हैं निरंतर प्रयास - जिला पंचायत बेमेतरा सीईओ श्रीमती प्रेमलता पद्माकर
बेमेतरा में श्रमिक जनसंवाद सम्मेलन जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित
8704 हितग्राहियों को 2.60 करोड़ से अधिक की सहायता राशि वितरित
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 18 फरवरी 2026 - जिला पंचायत बेमेतरा के सभाकक्ष में आज श्रमिक जनसंवाद सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 400 श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शासन की विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं एवं सुझावों को मंच के माध्यम से रखा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक दिपेश साहू, नगर पालिका परिषद बेमेतरा के अध्यक्ष विजय सिन्हा, पार्षद सुश्री नीतू कोठारी, पूर्व भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पदमाकर तथा श्रम पदाधिकारी शोएब काजी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य शासन श्रमिक वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, परिवार की सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य श्रमिक परिवारों को मजबूती प्रदान करना है।
इस अवसर पर विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत कुल 8704 हितग्राहियों को 2,60,82,000 (दो करोड़ साठ लाख बयासी हजार) रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। योजनानुसार लाभान्वित हितग्राहियों का विवरण इस प्रकार है -
#मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 239 हितग्राही
#मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 18 हितग्राही
#मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत 10 हितग्राही
#मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के अंतर्गत 128 हितग्राही
#मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के अंतर्गत 22 हितग्राही
#मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 8287 हितग्राही
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए तथा अन्य हितग्राहियों के खातों में राशि अंतरण की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती प्रेमलता पद्माकर ने बताया कि श्रमिकों के पंजीयन एवं योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अपने दस्तावेज अद्यतन रखें एवं योजनाओं की जानकारी के लिए संबंधित विभाग से संपर्क बनाए रखें।
सम्मेलन का उद्देश्य श्रमिकों को जागरूक करना, योजनाओं की जानकारी देना तथा शासन और श्रमिकों के बीच संवाद स्थापित करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिकों ने शासन की पहल की सराहना करते हुए इसे लाभकारी बताया। इस प्रकार श्रमिक जनसंवाद सम्मेलन ने श्रमिकों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें सशक्त एवं जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।