सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी सहित उपस्थित अधिकारी एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 23 जनवरी 2026 - वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने साजा नगर में आयोजित तीन दिवसीय श्री जानकी जीवन लाल जू मंदिर के 20 वें वार्षिकोत्सव एवं विवाह महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि साजा नगर में श्री रामहर्षण सेवा संस्थान अयोध्या शाखा साजा (छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में श्री रामहर्षण कुंज में विराजमान श्री जानकी जीवन लाल जू का 20 वां वार्षिकोत्सव एवं विवाह महोत्सव दिनांक 21 जनवरी से 23 जनवरी 2026 तक परमपूज्य स्वामी आचार्य अयोध्या दास महाराज एवं विभिन्न तीर्थों से पधारे संतों के पावन सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। इस दौरान श्री छत्तीसगढ़ श्री रामहर्षण सेवा संस्थान एवं श्री सीताराम विवाह महोत्सव समिति साजा जिला बेमेतरा के प्रतिनिधि महंत वैष्णव दास, हरिशंकर टावरी, मूलचंद शर्मा, संतोष राठी, भूपेन्द्र राठी, महेन्द्र राठी, पंकज राठी, भगवान दास राठी, अशोक राठी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी रामकृष्ण साहू ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी सहित उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि महोत्सव स्थल पर आने वाले आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कार्यक्रमों का आनंद ले सकें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जिले का एक प्रमुख धार्मिक कार्यक्रम होने के साथ-साथ सामुदायिक एकजुटता का प्रतीक भी है, जिसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान एसडीओपी बेरला विनय कुमार, थाना प्रभारी खम्हरिया निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा, प्रधान आरक्षक शिवराज सिंह, आरक्षक सौरभ सिंह, रामानुज जायसवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।