स्व. सुखी राम साहू की स्मृति में आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 02 जनवरी 2026 - नगर में स्वर्गीय सुखी राम साहू की पावन स्मृति में आयोजित आदर्श टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका बेमेतरा अध्यक्ष विजय सिन्हा उपस्थित रहे।
समापन समारोह में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने स्व. सुखी राम साहू के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता सराहनीय पहल है।
प्रतियोगिता में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फाइनल मुकाबले के बाद विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। आयोजन समिति के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह के अवसर पर योगेश वर्मा, राजू साहू, लक्की साहू, दीना साहू सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, गणमान्य नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे, जिससे आयोजन सफल एवं यादगार रहा।