सीएचएमओ डॉ अमृतलाल रोहलेडर के मार्गदर्शन व सिविल सर्जन डॉ लोकेश साहू के निरीक्षण में अब तक 270 मरीजों को मिला लाभ
जिला चिकित्सालय बेमेतरा में संचालित डायलिसिस यूनिट से किडनी रोगियों के हुए 6900 से अधिक डायलिसिस सेशन पूरे
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 28 दिसम्बर 2025 - स्वास्थ्य विभाग जिला बेमेतरा के जिला चिकित्सालय बेमेतरा के एमसीएच बिल्डिंग में संचालित डायलिसिस यूनिट किडनी रोगियों के लिए संजीवनी बनकर उभरी है।
स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देते हुए यह यूनिट अब तक 270 मरीजों को जीवनदायी उपचार प्रदान कर चुकी है।
डायलिसिस सुविधा - प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला चिकित्सालय में डायलिसिस सुविधा 8 दिसम्बर 2022 से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम जीवनधारा के अंतर्गत ई टेंडरिंग के माध्यम से चयनित एजेंसी ESKAG संजीवनी प्राइवेट लिमिटेड कोलकाता के माध्यम से डायलिसिस के प्रथम मरीज का निःशुल्क उपचार से प्रारंभ की गई थी।
अब तक 6900 डायलिसिस - जिला चिकित्सालय बेमेतरा में डायलिसिस यूनिट में कुल 5 आधुनिक डायलिसिस मशीनें स्थापित हैं। प्रारंभ से लेकर अब तक लगभग 6900 डायलिसिस सेशन सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं, जबकि प्रतिमाह औसतन 250 से अधिक सेशन संपन्न हो रहे हैं।
29 एक्टिव नियमित मरीज - जिला चिकित्सालय बेमेतरा में वर्तमान में 29 एक्टिव मरीज नियमित रूप से उपचार प्राप्त कर रहे हैं। जिनका नियमित निरीक्षण स्वयं सिविल सर्जन डॉ लोकेश साहू द्वारा किया जा रहा है। डायलिसिस टीम के अनुसार सभी प्रक्रियाएँ निर्धारित मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार की जा रही हैं। नियमित मशीन चेकअप और समय-समय पर किए जाने वाले मेंटेनेंस से यूनिट की कार्यक्षमता और बेहतर हुई है।
नगर में ही शहर की सुविधा व लाभ - जिला चिकित्सालय बेमेतरा में डायलिसिस सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को अब बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर ही समय पर उपचार मिलने से आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक सहायता सुनिश्चित हो रही है। साथ ही बाहर इलाज कराने का आर्थिक बोझ भी मरीजों और उनके परिजनों पर काफी हद तक कम हुआ है। जिला चिकित्सालय में उपलब्ध यह आधुनिक डायलिसिस यूनिट स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।