तीन दिवसीय अभियान में 0 से 5 वर्ष तक के 96085 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 21 दिसम्बर 2025 - राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ आज 21 दिसम्बर 2025 को 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु अस्पताल बेमेतरा में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। शुभारंभ कार्यक्रम विजय सिन्हा अध्यक्ष नगर पालिका बेमेतरा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंचस्थ अतिथियों द्वारा बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर, सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू, नोडल अधिकारी डॉ. बीएल राज, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शरद कोहाडे़, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री लता बंजारे, पार्षद सुश्री नीतु कोठारी, अस्पताल सलाहकार डॉ. स्वाति यदु, बीईई प्रकाश भारती, जिला मीडिया प्रभारी संजय तिवारी, बूथ टीम के सदस्य, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय सघन अभियान
जिले में सघन पल्स पोलियो अभियान तीन दिनों तक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शून्य से 05 वर्ष तक की आयु के कुल 96085 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में कुल 801 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। साथ ही 14 ट्रांजिट टीमें एवं 4 मेला-बाजार के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। अभियान के पहले दिन 21 दिसम्बर 2025 को सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। दूसरे एवं तीसरे दिन 22 और 23 दिसम्बर 2025 को बूथ स्तर पर छूटे हुए बच्चों को टीकाकरण टीमों द्वारा घर-घर भ्रमण कर पोलियो की खुराक पिलाकर प्रतिरक्षित किया जाएगा।
अभिभावकों से जिम्मेदारी निभाने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं और समय पर लगने वाले सभी टीकों के साथ-साथ पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने जच्चा-बच्चा कार्ड को बैंक पासबुक की तरह सुरक्षित रखने की भी सलाह दी।
शत-प्रतिशत उपलब्धि का लक्ष्य
अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज ने उपस्थित अभिभावकों एवं जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि बेमेतरा मैदानी जिला होने के कारण शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने की पूरी संभावना है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपने शून्य से 05 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा पिलाने की अपील की, ताकि पोलियो का पुनः प्रवेश देश में न हो सके।
मेले और पहुंचविहीन क्षेत्रों में भी व्यवस्था
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर ने जानकारी दी कि बेमेतरा शहर के समीपस्थ ग्राम लोलेसरा में आयोजित कबीर पंथ मेला में भी पल्स पोलियो बूथ की व्यवस्था की गई है, ताकि मेले में आने वाले लक्षित आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा सके। इसके अतिरिक्त जिले के पहुंचविहीन क्षेत्रों, ईंट भट्ठों, घुमंतू समूहों एवं मलिन बस्तियों में मोबाइल टीमों द्वारा बच्चों का चिन्हांकन कर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शरद कोहाडे़ ने बताया कि अभियान की सफलता सुनिश्चित करने हेतु जिला एवं विकासखंड स्तर से लेकर बूथ स्तर तक निगरानी एवं निरीक्षण के लिए अधिकारियों की टीम गठित की गई है। ये टीमें अभियान की सतत मॉनिटरिंग करेंगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, शिक्षा विभाग एवं मितानिन कार्यक्रम का सक्रिय सहयोग इस अभियान को मिल रहा है।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के माध्यम से जिले में पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास किया जा रहा है, जिसमें जन सहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।