गुरु घासीदास बाबा जयंती कोदवा में शामिल हुए पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 30 दिसंबर 2025 - बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम पंचायत कोदवा में आयोजित परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर ग्रामवासियों एवं समाज जनों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा कि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास का जन्म ऐसे समय हुआ जब समाज में छुआछूत, ऊंच-नीच, झूठ-कपट का बोलबाला था। ऐसे समय में उन्होंने समाज को एकता, भाईचारे तथा समरसता का संदेश दिया। बाबा गुरु घासीदास ने समाज के लोगों को प्रेम और मानवता का संदेश दिया। संत गुरु घासीदास की शिक्षा आज भी प्रासंगिक है, बाबा ने समाज के लोगों को सात्विक जीवन जीने की प्रेरणा दी। उन्होंने न सिर्फ सत्य की आराधना की, बल्कि समाज में नई जागृति पैदा की और अपनी तपस्या से प्राप्त ज्ञान और शक्ति का उपयोग मानवता की सेवा के कार्य में किया। इसी प्रभाव के चलते लाखों लोग गुरु घासीदास बाबा के अनुयायी हो गए, गुरु घासीदास ने समाज में व्याप्त कुप्रथाओं का बचपन से ही विरोध किया, उन्होंने समाज में व्याप्त छुआछूत की भावना के विरुद्घ 'मनखे-मनखे एक समान' का संदेश दिया। गुरु घासीदास बाबा का जीवन-दर्शन युगों तक मानवता का संदेश देता रहेगा, वे आधुनिक युग के सशक्त क्रांतिदर्शी गुरु थे, इनका व्यक्तित्व ऐसा प्रकाश स्तंभ है, जिसमें सत्य, अहिंसा, करुणा तथा जीवन का ध्येय उदात्त रुप से प्रकट है। घासीदास बाबा ने कहा था कि हमें नशा-पान का सेवन नहीं करना चाहिए, सदा सादा जीवन जीना चाहिए। हम सभी को बाबा के बताए मार्ग में चल कर अपने जीवन को सफल बनाना है। इस अवसर पर ओम वर्मा, बलराम पटेल, झग्गर चंदेल, मनोहर साहू, राजकुमार वर्मा, मोतीराम, विनोद शर्मा, सुग्रीव मारकंडे, श्याम बंजारे, गोकुल पारकर, पंचराम कुर्रे, बलराम पटेल, केशव वर्मा, रूपेंद्र वैष्णव, प्रेमलाल, टिकेश्वर कुर्रे, संतु कोसले, द्वारका दास बंजारे, अमरिका बारले, जगमोहन बंजारे, चेतन भारती, जितेंद्र कुर्रे, भरत दास, प्रहलाद साहू, अम्बिका बारले, आरिफ खान सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।