सेवा, श्रम और संस्कार के साथ सात दिवसीय एनएसएस शिविर नेवनारा का समापन
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 14 दिसम्बर 2025 - जिलें के शासकीय नवीन महाविद्यालय बेरला की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम नेवनारा में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन दिनांक 08 दिसंबर 2025 से 14 दिसंबर तक किया गया, जिसमें स्वयं सेवकों द्वारा सेवा, श्रम एवं जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम संचालित किए गए।
समापन समारोह में जनपद पंचायत सदस्य एवं सरपंच ग्राम नेवनारा लोकेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में एनएसएस स्वयं सेवकों के अनुशासन, सेवा भावना एवं समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्राम पंचायत नेवनारा की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सेवकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी युवराज पावले ने शिविर की सात दिवसीय गतिविधियों की संक्षिप्त जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त ग्राम अभियान, नशा मुक्ति जागरूकता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य परीक्षण, योग प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका सकारात्मक प्रभाव ग्रामवासियों पर पड़ा। समापन कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक खुशबू ध्रुव, आशीष एक्का एवं सभी एनएसएस स्वयं सेवक उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी रहा।
0 टिप्पणियाँ