लोलेसरा मेला समिति के सदस्यों ने एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू से भेंट कर किया धन्यवाद ज्ञापित
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 30 दिसम्बर 2025 - जिलें के ग्राम लोलेसरा में आयोजित चार दिवसीय संत समागम मेला शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं।
मेले के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के उपरांत मेला समिति के सदस्यों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (IPS) से सौजन्य भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। समिति के सदस्यों ने बताया कि पुलिस प्रशासन के समन्वय, सतत निगरानी एवं सहयोग से पूरे आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रही, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
मेला समिति के सदस्यों ने बेमेतरा पुलिस द्वारा मेले के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष संत समागम मेले में पूर्व वर्षों की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या कहीं अधिक रही, जिससे यातायात संचालन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती था। इसके बावजूद बेमेतरा पुलिस द्वारा सतत निगरानी, सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिसके परिणामस्वरूप मेला शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ। मेला समिति ने इस सफल आयोजन के लिए बेमेतरा पुलिस को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।
इस अवसर पर एसएसपी रामकृष्ण साहू ने मेला समिति, आयोजकों एवं ग्रामवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में प्रशासन एवं समाज के समन्वय से शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
इस मौके पर समस्त कबीरपंथ समाज बेमेतरा के प्रतिनिधियों, जिनमें विजेन्द्र वर्मा, रणजीत वर्मा, नंद साहू, राजेश वर्मा और अन्य शामिल थे।