खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 19483 बोरा धान जब्त, अनुमानित कीमत 1.77 करोड़
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 30 दिसम्बर 2025 - किसानों के हितों की रक्षा एवं समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से बेमेतरा जिला प्रशासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान अवैध धान खरीदी एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अब तक जिले में थोक व्यापारियों, प्रसंस्करणकर्ताओं, कोचियों, अन्य अवैध खरीदारों एवं अंतर्राज्यीय अवैध परिवहन के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में धान जब्त किया गया है।
19483 बोरा धान जब्त, 7791.3 क्विंटल की अवैध खरीदी पर कार्रवाई
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब तक 19483 बोरा (कट्टा) धान, कुल मात्रा 7791.3 क्विंटल अनुमानित बाजार मूल्य 1,77,61,470 (लगभग 1.77 करोड़) का अवैध रूप से संधारण एवं परिवहन करते हुए जब्ती की कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई जिले में अवैध धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए की गई है।
थोक व्यापारी, कोचिये एवं अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर शिकंजा
जिला प्रशासन द्वारा की गई जांच में यह सामने आया कि कुछ थोक व्यापारी, प्रसंस्करणकर्ता एवं कोचिये किसानों को समर्थन मूल्य से कम दामों का लालच देकर अवैध रूप से धान की खरीदी कर रहे थे। वहीं कुछ मामलों में धान को अंतर्राज्यीय सीमा पार ले जाने का प्रयास भी किया गया, जिससे शासन की खरीदी व्यवस्था को नुकसान पहुँच सकता था। प्रशासन द्वारा संबंधित मामलों में वाहनों को भी जब्त किया गया है तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
किसानों के हितों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसानों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से की जा रही है। अवैध खरीदी के कारण किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ नहीं मिल पाता, सरकारी खरीदी व्यवस्था प्रभावित होती है, काला बाजारी एवं जमाखोरी को बढ़ावा मिलता है। इन्हीं कारणों से प्रशासन द्वारा सख्त निगरानी रखते हुए निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश
प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी केंद्रों की नियमित निगरानी की जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, किसानों को किसी भी प्रकार से भ्रमित या शोषित न होने दिया जाए, अवैध धान खरीदी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश - अवैध खरीदी बर्दाश्त नहीं
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-28 के दौरान अवैध धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपील - प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत खरीदी केंद्रों पर ही धान विक्रय करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।