प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 18 नवंबर 2025 - स्व. चंदूलाल चंद्राकर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आई.टी.आई.) बेमेतरा में रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अवसर पर विविध सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं तकनीकी गतिविधियों का श्रृंखलाबद्ध आयोजन बड़े उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। चार दिनों तक चले इन कार्यक्रमों में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षणार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मक क्षमता और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रमों की शुरुआत 10 नवंबर 2025 को पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी नवाचार और कौशल विकास जैसे विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपूर्ण पोस्टर तैयार किए।
इसके बाद 12 नवंबर 2025 को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जहां प्रशिक्षुओं ने रंग-बिरंगे प्राकृतिक रंगों की सहायता से परंपरागत कला को आधुनिक रचनात्मकता के साथ जोड़ते हुए सुंदर रंगोलियों की प्रस्तुति दी। परिसर पूरे दिन रंग-रंगीन कलाकृतियों से सजा रहा।
रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत 13 नवंबर 2025 को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को प्रशिक्षुओं ने अत्यंत मनमोहक तरीके से प्रस्तुत किया। सूवा गीत, पंथी नृत्य सहित अन्य लोक-कलाओं ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम श्रृंखला के अंतिम दिन 14 नवंबर 2025 को तकनीकी प्रदर्शन एवं पारंपरिक शिल्प प्रदर्शनी आयोजित की गई। इस प्रदर्शनी में संस्थान के विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षणार्थियों ने तकनीकी मॉडल, नवाचार और मशीनरी के कौशलपूर्ण उपयोग का प्रदर्शन किया।
साथ ही छत्तीसगढ़ी पारंपरिक शिल्पों की आकर्षक प्रदर्शनी ने आगंतुकों को स्थानीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प की झलक से अवगत कराया।
संस्थान के प्राचार्य एवं प्रशिक्षकों ने बताया कि रजत जयंती वर्ष का यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा और कौशल को उभारने का माध्यम बना, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और तकनीकी शिक्षा के समन्वय का सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।