प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 19 नवंबर 2025 - छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ऐसे बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य वीरता पुरस्कार प्रदान किया जाता है, जिन्होंने किसी विशेष घटना में अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और बुद्धिमत्ता का परिचय दिया हो। वर्ष 2025 के लिए इस पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
पुरस्कार के अंतर्गत कुल 05 बालक/बालिकाओं को चयनित किया जाएगा तथा प्रत्येक को 25000 (पच्चीस हजार रुपये) की नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में राज्य स्तर पर समाचार पत्रों के माध्यम से विज्ञापन जारी किया गया है।
आवेदन 20 दिसंबर 2025 तक जिला कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग बेमेतरा में जमा किए जा सकेंगे। आवेदन निर्धारित प्रपत्र में ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके साथ घटना का पूर्ण विवरण, प्रमाणित दस्तावेज तथा सक्षम प्राधिकारी क्रमांक 01 एवं 02 से सत्यापन अनिवार्य है।
प्रविष्टियों को जिला स्तर पर परीक्षण एवं सत्यापन उपरांत कलेक्टर की अनुशंसा सहित 29 दिसंबर 2025 तक विशेष वाहक के माध्यम से संचालनालय, महिला एवं बाल विकास विभाग को अनिवार्य रूप से भेजा जाएगा।
ऐसे आवेदन नहीं लिए जायेंगे जो अपूर्ण आवेदन, बिना सक्षम प्राधिकारी या जिला कलेक्टर के सत्यापन के आवेदन, आवश्यक सहायक अभिलेखों के बिना प्रस्तुत प्रविष्टियां अथवा विलंब से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे और ऐसे आवेदनों पर विचार किया जाना संभव नहीं होगा। राज्य शासन द्वारा वीरता पुरस्कार के माध्यम से बच्चों में साहस, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य रखा गया है। अतः पात्र बालक/बालिकाओं की प्रविष्टियां निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराने की अपील की गई है।