कार्यकर्ताओं की पसंद व इच्छा से बनेंगे संगठन के अध्यक्ष व पदाधिकारी - प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सांसद श्याम कुमार दौलत बारवे

कार्यकर्ताओं की पसंद व इच्छा से बनेंगे संगठन के अध्यक्ष व पदाधिकारी - प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सांसद श्याम कुमार दौलत बारवे

जिला अध्यक्ष के चयन हेतु पधारे हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने ली पत्रकार वार्ता 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 8 अक्टूबर 2025 - अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश अनुसार जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इसी तारतम में बेमेतरा जिला कांग्रेस कमेटी के चयन हेतु प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं महाराष्ट्र के रामटेक से सांसद श्याम कुमार दौलत बारवे एवं मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया के आतिथ्य में पत्रकार वार्ता जिला कांग्रेस कमेटी के राजीव भवन में रखी गई। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आशीष छाबड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री रविंद्र चौबे, पूर्व संसदीय सचिव गुरु दयाल सिंह बंजारे भी उपस्थित थे। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सांसद श्याम कुमार बारवे ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के निर्देश पर सभी जिलो में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष का चुनाव करने के लिए कांग्रेस द्वारा संगठन सृजन अभियान प्रारंभ किया गया है, उसी के परिपेक्ष में बेमेतरा जिले में भी जिला अध्यक्ष का चयन किया जाएगा। हमारे वरिष्ठ नेताओं की मंशा है कि अध्यक्ष उसे ही बनाया जाए जो पार्टी की गतिविधियों में लगातार सक्रिय है, पार्टी की रीति नीति को मानता हो। जिसके लिए किसी प्रकार की लॉबिंग ना की गई हो, कोई अप्रोच ना लगा हो, जो थोपा हुआ अध्यक्ष ना हो, ऐसा व्यक्ति अध्यक्ष बने जो सभी कार्यकर्ताओं की पसंद हो, कार्यकर्ताओं की इच्छा का सम्मान करने के नाम से ही संगठन सृजन अभियान प्रारंभ किया गया है। अब की बार जो जिला अध्यक्ष या अन्य पदों पर अध्यक्ष बनेगा वह वहां के कार्यकर्ताओं की इच्छा पर बनेगा। जिसकी बात सभी कार्यकर्ता मानेंगे और उसके नेतृत्व में कार्य करेंगे, क्योंकि अध्यक्ष का चुनाव ही कार्यकर्ताओं की पसंद पर होगा। ऐसे में उन्हें न केवल काम करने में प्रसन्नता होगी, बल्कि उन्हें भी लगेगा कि हमारा चुना हुआ व्यक्ति ही हमारे संगठन को आगे ले जा रहा है। इससे कार्यकर्ताओं में पार्टी के प्रति आस्था और स्वयं तथा पार्टी के प्रति आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।