मैं आप सबका बेटा बनकर हमेशा आपसे मिलने आता रहूंगा, आप अकेले नहीं हैं - सांसद विजय बघेल

मैं आप सबका बेटा बनकर हमेशा आपसे मिलने आता रहूंगा, आप अकेले नहीं हैं - सांसद विजय बघेल 

सांसद विजय बघेल सपत्नी पहुंचे मां गोदावरी आनंद वृद्धाश्रम गोमची 

ट्रस्ट संचालिका श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी व किसान नेता योगेश तिवारी ने पूरे आश्रम परिवार सहित किए भव्य स्वागत 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - मां गोदावरी आनंद वृद्धाश्रम गोमची (नंदनवन के पास) रायपुर में सेवा का अनुपम उदाहरण देखने को मिला, जहां सांसद विजय बघेल अपनी धर्मपत्नी श्रीमती रजनी बघेल के साथ पहुंचे। उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीयता से मुलाकात की, उनके हालचाल जाने और अपने हाथों से उन्हें प्रेमपूर्वक भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।
यह वृद्धाश्रम गोदावरी सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित है, जिसकी संचालिका श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी हैं। आश्रम में गोदावरी सेवा टर्स्ट और हीरा सीएसआर फाउंडेशन के सहयोग से नि:शुल्क आवास, भोजन, दवाई, वस्त्र आदि की संपूर्ण व्यवस्था की जाती है। वर्तमान में यहाँ 35 महिलाएं और 42 पुरुष निवासरत हैं, जिनकी सेवा के लिए 35 कर्मचारी 24 घंटे समर्पित रहते हैं। किसी भी आपात स्थिति में सियस हॉस्पिटल रायपुर में नि:शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
यहां सिर्फ छत्तीसगढ़ से ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों से भी वृद्धजन रहते हैं। उनके मनोरंजन हेतु हर कमरे में टीवी और खेल सामग्री की भी व्यवस्था है। सांसद श्री बघेल से मिलकर वृद्धजनों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। कुछ ने भावुक होकर अपनी व्यथा सुनाई "कभी हमारा भी परिवार था, अच्छे दिन थे, पर आज अपने ही बच्चों ने ठुकरा दिया।" उन्होंने वृद्धाश्रम को ही अब अपना घर मान लिया है। श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने अपने माता-पिता की स्मृति में वृद्धाश्रम की शुरुआत की है। डॉ खुबचंद बघेल की 125 वी जयंती के अवसर पर सांसद विजय बघेल व उनकी धर्मपत्नी रजनी बघेल ने वृद्धा आश्रम में भोजन की व्यवस्था की। 
सांसद विजय बघेल ने भावुक होकर कहा "मैं आप सबका बेटा बनकर हमेशा आपसे मिलने आता रहूंगा, आप अकेले नहीं हैं।" उन्होंने बुजुर्गों के आंसू पोंछकर उनके दिल में अपनत्व और सम्मान का भाव फिर से जगाया।
          यह आयोजन न सिर्फ सेवा की मिसाल बना, बल्कि मानवीय संवेदनाओं की सुंदर तस्वीर भी प्रस्तुत की।