सुशासन तिहार पर साजा में कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक
कार्य में उदासीनता, लापरवाही और कोताही बरतने पर होगी कार्यवाही
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/साजा - जिले में सुशासन तिहार 2025 की प्रभावी तैयारी को लेकर कलेक्टर रणवीर शर्मा ने आज विकासखंड साजा मुख्यालय स्थित जनपद पंचायत सभा कक्ष में समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। इससे पूर्व कलेक्टर ने बेरला विश्रामगृह में भी अधिकारियों से समन्वय बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उदासीनता, लापरवाही पर कार्यवाही - कलेक्टर रणवीर शर्मा ने कहा कि सुशासन तिहार में 8 अप्रैल से 11 अप्रैल तक आवेदन लिए जा रहे है। इसके पश्चात एक माह के अंदर सभी समस्याओं के आवेदन निराकरण पूरी गुणवत्ता के साथ करें। आगामी 5 मई से 31 मई तक समाधान शिविर लगाए जाएँगे। समाधान शिविर में मुख्यमंत्री सहित उपमुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, मंत्री सहित मुख्य सचिव, सचिव भी औचक निरीक्षण करेंगे। आप सभी लोग शासन की मंशानुरूप पूरी गंभीरता से काम करें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य में उदासीनता, लापरवाही और कोताही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी।
समस्याएं छोटी, समाधान संभव - कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि लोगों की छोटी-छोटी समस्या, माँग या शिकायतें होती है, जिनमें बिजली, पानी, सीमांकन बटांकन, आय, जाती, निवास प्रमाण पत्र आदि की अधिकतर होती है। उनका निराकरण सही तरीके से और समय पर करें। स्कूल में शिक्षक समय पर आए और क्लास में पढ़ाए।
राजस्व विभाग - कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारी सीमांकन, विवादित-नामांतरण, अविवादित बंटवारा, भू-अर्जन के प्रगति, भुगतान किए गए राशि, पुनर्विचार के प्रकरण के लम्बित आवेदन का निराकरण करें।
खाद्य विभाग - कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को भी कहा कि जिन हितग्राहियों के राशन कार्ड नहीं बने है, उनके राशन कार्ड बन जाए। हितग्राहियों को राशन समय पर और सही मिले सुनिश्चित करें। शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकानें समय पर खुले और राशन भी हितग्राहियों को मिले, दुकानों में साफ़-सफ़ाई हो।
कृषि विभाग - कलेक्टर ने कृषि विभाग से जुड़े अधिकारियों से कहा कि किसानों को खाद-बीज मिले, पशुओं का टीकाकरण हो, पीएम किसान सम्मान निधि मिले यह देखे।
महिला बाल विकास विभाग - कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास को कहा कि अगनबाड़ी में कार्यकर्ता और सहायक समय पर आए। बच्चों को गर्म पौष्टिक भोजन मिले, महतारी वंदन की राशि मिले।
स्वास्थ्य विभाग - कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य अधिकारी भी ध्यान दे कि चिकत्सक और स्वास्थ्य अमला समय पर आए, वैक्सीनेशन समय पर हो।
समाधान शिविर - कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा आगामी 5 मई से 31 मई तक क्लस्टर बनाकर 10 ग्राम पंचायतों में एक-एक और सभी नगरीय निकायों में भी समाधान शिविर आयोजित किए जाएँगे। इस तरह जिले में 53 समाधान शिविर आयोजित किए जाएँगे। कलेक्टर ने निर्वाचित सरपंचों को सुविधानुसार जिला मुख्यालय और साजा में प्रशिक्षण देने के निर्देश सीईओ जिला पंचायत को दिए। ताकि नव निर्वाचित सरपंच अपने दायित्व, कर्तव्य व कार्य को जाने और समझे।
नोडल अधिकारी - कलेक्टर ने बताया कि विकासखंडों में एसडीएम नोडल अधिकारी और जिला मुख्यालय में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नोडल अधिकारी है। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत टेकचंद्र अग्रवाल, अपर कलेक्टर अनिल बाजपेयी, एसडीएम सुश्री पिंकी मनहर विभिन्न विभागों के जिला व ब्लॉक अधिकारी सरपंच उचित मूल्य दुकानदार आदि उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ