मतदान के बाद ईवीएम स्ट्रांग रूम में जमा, 15 फरवरी को होगी मतगणना
शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से मतगणना संपन्न कराने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा की गई पुख्ता तैयारी
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - बेमेतरा जिले में नगरीय निकाय चुनाव 2025 स्वतंत्र, निष्पक्ष, शान्ति पूर्ण एवं पारदर्शिता के साथ निर्विघ्न चुनाव कार्य संपन्न कराने में पुलिस कर्मियों और नगर सेना, कोटवार एवं बेमेतरा पुलिस जवानों एवं अन्य सभी चुनाव कार्य में लगे टीम की प्रमुख भूमिका रही। एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने जिले में नगरीय निकाय चुनाव 2025 स्वतंत्र, निष्पक्ष, शान्ति पूर्ण एवं पारदर्शिता के साथ मतदान के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों, नगर सेना, कोटवार एवं बेमेतरा पुलिस जवानों और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों-जवानों एवं अन्य सभी चुनाव कार्य में लगे टीम का मनोबल बढाने के साथ ही जवानों के कार्यो की सराहना करते हुये हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दिए।
बेमेतरा नगर पालिका परिषद् और जिले की 09 नगर पंचायतों में 11 फरवरी 2025 को संपन्न हुए नगरीय निकाय मे शांतिपूर्ण चुनाव के बाद, सभी मतदान दलों ने देर रात 10 बजे तक कृषि उपज मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा की। नगर पालिका क्षेत्र के 21 वार्डों के लिए बनाए गए 36 मतदान केंद्रों की ईवीएम को सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम में रखा गया। इसके साथ ही जिले के 09 नगर पंचायतो मे भी ईव्हीएम कों सील किया गया और सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम मे रखा गया। मतदान के बाद, सभी मतदान दलों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मतदान सामग्री को सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम में पहुंचाया। जिससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित हुई।
ज़िले की 01 नगर पालिका परिषद् बेमेतरा और 09 नगर पंचायतों बेरला, कुसमी, भिंभौरी, देवकर, साजा, परपोडी, खम्हरिया, दाढी एवं नवागढ का मतगणना कार्य निर्धारित स्ट्रांग रूम में होना है, जिसकी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा बलों की डियूटी, बैरिकेडिंग किया गया है। ज़िले की 01 नगर पालिका परिषद् बेमेतरा और 09 नगर पंचायतों के स्ट्रांग रूम में 15 फरवरी 2025 को होने वाले मतगणना को लेकर जिला प्रशासन के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता तैयारी की गई है।