डीएसपी झा एवं शर्मा द्वारा सृजन पब्लिक स्कुल आईटीआई में छात्र छात्राओं को यातायात नियमों के संबंध में किया जागरूक

डीएसपी झा एवं शर्मा द्वारा सृजन पब्लिक स्कुल आईटीआई में छात्र छात्राओं को यातायात नियमों के संबंध में किया जागरूक 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत बेमेतरा पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह के मार्गदर्शन में जिले भर में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
        आज इसी क्रम में डीएसपी राजेश कुमार झा और डीएसपी कमल नारायण शर्मा ने बेमेतरा यातायात पुलिस की टीम के साथ सृजन पब्लिक स्कूल, आईटीआई में "अंजोर रथ" के माध्यम से छात्रों और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों के बारे में जागरूक किया। इस कार्यक्रम में जेबरा क्रॉसिंग के सही उपयोग, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, बिना लाइसेंस के वाहन न चलाने और हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर विशेष बल दिया गया।
छात्र-छात्राओं को सड़क पर सही लेन में चलने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाने और मुड़ते समय इंडिकेटर के इस्तेमाल के महत्व को समझाया गया। इसके साथ ही उन्हें बीच सड़क पर वाहन खड़ा न करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और यातायात के अन्य नियमों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस जागरूकता अभियान में बैनर और पोस्टर के माध्यम से भी नागरिकों को यातायात के प्रति सचेत किया गया।
             कार्यक्रम में सहायक उप निरीक्षक भलेतिनुस पन्ना, प्रधान आरक्षक खोमलाल साहू सहित सृजन पब्लिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। यह अभियान जिलें के हॉट-बाजारों, स्कूलों और कॉलेजों में निरंतर चलाया जा रहा हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सकें और सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। बेमेतरा पुलिस का यह प्रयास जनहित में सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही उन्हें कानूनी जानकारी भी उपलब्ध करा रहा है, जिससे जिलें की सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सकें।