बेमेतरा 19 नवंबर 2026 - बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव (खुड़मुड़ी) में यदुवंशी परिवार, ठेठवार समाज एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित भव्य मातर महोत्सव में जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन में सम्मिलित होकर सामाजिक परंपराओं एवं रीति-रिवाजों का सम्मान किया तथा ग्रामवासियों के साथ उत्सव की खुशियां साझा कीं। मातर महोत्सव के दौरान गांव में उत्साह, उमंग और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा, लोकसंस्कृति, सामाजिक रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। समाज के लोगों ने एकजुट होकर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को जीवंत रखने का सराहनीय प्रयास किया। इस अवसर पर आपसी प्रेम, सद्भाव, भाईचारे एवं सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण देखने को मिला।
ग्रामीण उत्सव लोकसंस्कृति, परंपराओं और विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक
इस अवसर पर पूर्व विधायक व जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि मातर महोत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, सामाजिक परंपराओं और गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे आयोजन केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज को एक सूत्र में पिरोने, नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। हमारी सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान है और इसे संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण अंचलों में आयोजित होने वाले ऐसे पारंपरिक महोत्सव हमारी सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाते हैं। हमें अपनी लोकपरंपराओं, रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
अंत में श्री छाबड़ा ने भव्य मातर महोत्सव के सफल आयोजन के लिए यदुवंशी परिवार, ठेठवार समाज, समस्त आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र की गौरवशाली लोकसंस्कृति, सामाजिक एकता और परंपराओं को सहेजने वाले ऐसे आयोजनों में उनका सदैव सहयोग एवं सहभागिता बनी रहेगी।
इस अवसर पर रामजी यादव, बिरिज यादव, रामप्रसाद यादव, निलेश वैष्णव, हरीश साहू, पुनाराम साहू, राम विशाल चौहान, सुखदेव पात्रे, श्यामलाल चतुर्वेदी, ओमन भारती, जीतू रात्रे, बल्ला यदु, खेलावन ध्रुव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522
0 टिप्पणियाँ