समाधान महाविद्यालय एवं डाइट बेमेतरा के मध्य हुआ एमओयू का नवीनीकरण

शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में संस्थागत सहयोग को मिलेगा नया विस्तार 
बेमेतरा 15 नवंबर 2026 - शिक्षा के क्षेत्र में अकादमिक गुणवत्ता, शोध एवं संस्थागत सहयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में शिक्षा विभाग (बी.एड.), समाधान महाविद्यालय बेमेतरा तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बेमेतरा के मध्य पूर्व में संपन्न सहमति ज्ञापन (एमओयू) का नवीनीकरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य दोनों संस्थानों के मध्य स्थापित शैक्षणिक साझेदारी को निरंतरता प्रदान करने के साथ शिक्षा एवं शोध संबंधी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर विकसित करना है। 
     इस अवसर पर समाधान महाविद्यालय के डायरेक्टर एवं प्राचार्य डॉ. अवधेश पटेल तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बेमेतरा के प्राचार्य जेके घृतलहरे ने एमओयू के नवीनीकरण पर हस्ताक्षर किए। इस पहल के माध्यम से दोनों संस्थानों ने शैक्षणिक समन्वय, शोध गतिविधियों एवं ज्ञान-संसाधनों के पारस्परिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। 
  नवीनीकृत सहमति ज्ञापन के अंतर्गत शिक्षकों का अंतर-सांस्थानिक आदान-प्रदान, शोधार्थियों का संयुक्त मार्गदर्शन, संयुक्त शोध कार्य तथा विभागीय ग्रंथालयों में उपलब्ध शैक्षणिक एवं शोध सामग्री की पारस्परिक साझेदारी को प्रमुखता दी गई है। इन गतिविधियों से शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अकादमिक अनुभवों के आदान-प्रदान, शोध मार्गदर्शन तथा शैक्षणिक संसाधनों के उपयोग के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। 
   यह संस्थागत साझेदारी शिक्षक-प्रशिक्षण की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने, शोध अभिरुचि विकसित करने तथा शैक्षणिक नवाचारों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही, दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता एवं संसाधनों के समन्वित उपयोग से शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी। 
     इस अवसर पर समाधान महाविद्यालय के प्रतिनिधि रूप में नैक समन्वयक उमेश सिंह राजपूत, सहायक समन्वयक होरीलाल देवांगन, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बेमेतरा से उपप्राचार्य कमल कपूर बंजारे एवं थलज साहू व्याख्याता शैक्षिक अनुबंध प्रक्रिया को पूर्ण किये। 



By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ