साहू समाज छत्तीसगढ़ की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला समाज -विधायक दीपेश साहू

सोंढ में साहू समाज का शपथ ग्रहण एवं दीपावली मिलन समारोह संपन्न, विधायक दीपेश साहू ने की 18 लाख के विकास कार्यों की घोषणा 

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ के साथ सामाजिक एकता, मजबूती व सर्वांगीण विकास का लिया संकल्प 
बेमेतरा 19 नवंबर 2026 - बेमेतरा जिले के बेरला ब्लाक के ग्राम सोंढ, परिक्षेत्र पतोरा, तहसील बेरला में समस्त इकाई साहू समाज के तत्वावधान में 16 नवंबर 2026 को कर्मा भवन में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू संघ बेमेतरा के अध्यक्ष नारद साहू ने की। 

समारोह में उपस्थित अतिथि 
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में तहसील साहू संघ बेरला के अध्यक्ष भारतभूषण साहू, परिक्षेत्र साहू संघ पतोरा के अध्यक्ष हारिका साहू, ग्राम पंचायत सोंढ की सरपंच श्रीमती शांति मोहन साहू, उपसरपंच भारत साहू सहित जिला, तहसील एवं परिक्षेत्र साहू संघ के पदाधिकारी, सामाजिकजन एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। 

पदाधिकारियों का शपथ 
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण साहू इकाई ग्राम सोंढ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामकुमार साहू, उपाध्यक्ष दानीराम साहू, महिला उपाध्यक्ष श्रीमती भुनेश्वरी साहू, संगठन सचिव सुंदरलाल साहू, महिला सचिव श्रीमती मोनी साहू, सचिव संतराम साहू, कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा सामाजिक एकता एवं संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। 

18 लाख के विकास कार्यों की घोषणा 
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने ग्राम सोंढ में कर्मा भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये तथा भाठापारा वार्ड क्रमांक 1 में मां सरस्वती मंच निर्माण के लिए 3 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सामाजिक भवन केवल ईंट और सीमेंट से बनी संरचनाएं नहीं हैं, बल्कि ये समाज की एकता, संस्कार, परंपरा और भावी पीढ़ी के निर्माण के महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। इन भवनों के माध्यम से सामाजिक गतिविधियों, बैठक, सांस्कृतिक आयोजनों और रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा मिलेगा। 
साहू समाज छत्तीसगढ़ की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला समाज 
विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि साहू समाज छत्तीसगढ़ की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला समाज है। समाज ने हमेशा परिश्रम, ईमानदारी, सेवा और आपसी सहयोग को महत्व दिया है। आज आवश्यकता है कि हम अपनी सामाजिक एकता को और मजबूत करें तथा शिक्षा, संस्कार और संगठन के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को बेहतर अवसर प्रदान करें।
       उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकजुटता, शिक्षित युवा और जागरूक मातृशक्ति होती है। नवनिर्वाचित पदाधिकारी केवल पद की जिम्मेदारी नहीं संभाल रहे हैं, बल्कि समाज के प्रति सेवा और समर्पण का दायित्व भी निभा रहे हैं। सभी पदाधिकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान और सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करें। युवाओं को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना भी हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। 

सरकारी योजनाओं का उल्लेख 
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं के हित में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है। किसानों को धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी का प्रावधान, कृषक उन्नति योजना के माध्यम से अंतर की राशि का भुगतान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं किसान क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाओं से कृषि क्षेत्र को सहयोग मिल रहा है। 
     उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, खेती की लागत कम हो तथा सिंचाई, कृषि अधोसंरचना और आधुनिक तकनीक के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के अवसर विकसित हों। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, उज्ज्वला योजना और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। 

सामाजिकजनों से अपील 
विधायक ने सामाजिकजनों से अपील की कि वे गांव के पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दें तथा जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।

जिला एवं तहसील पदाधिकारियों की रही उपस्थिति 
कार्यक्रम में जिला साहू संघ बेमेतरा से रेखराम साहू, पंचम साहू, रामकुमार साहू, श्रीमती योगिता साहू, श्रीमती कविता साहू, श्रीमती ममता साहू, श्रीमती शांति साहू, श्रीमती पार्वती साहू, गोपाल साहू, सुशील साहू, डॉ. यशराज साहू एवं योगेंद्र साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। 
     वहीं तहसील साहू संघ बेरला से बहल साहू, संतोष साहू, किशन साहू एवं अश्वनी कुमार साहू सहित परिक्षेत्र पतोरा के विभिन्न ग्रामों एवं इकाइयों के सामाजिक पदाधिकारी, वरिष्ठजन और युवा साथी समारोह में शामिल हुए। 

शुभकामना व भाईचारे का संदेश 
दीपावली मिलन समारोह के माध्यम से उपस्थित सामाजिकजनों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। अंत में आयोजक समिति ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। 



By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ