विधायक की उपस्थिति में कन्या कालेज में युवा संवाद एवं जनभागीदारी समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष का परिचय कार्यक्रम संपन्न
विधायक ने निधि द्वारा महाविद्यालय को प्रदत्त वाटर कूलर का फीता काटकर किया लोकार्पण
बेमेतरा 04 नवंबर 2026 - शहर के लक्ष्मण प्रसाद वैद्य शासकीय कन्या महाविद्यालय बेमेतरा में आज युवा संवाद कार्यक्रम एवं जनभागीदारी समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज मिश्रा का परिचय कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, सरगुजा संभाग प्रभारी होरीलाल सिन्हा, युगल देवांगन सहित अन्य अतिथियों की विशेष उपस्थिति रही।
वाटर कूलर का फीता काटकर लोकार्पण
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विधायक दीपेश साहू एवं उपस्थित अतिथियों ने विधायक निधि से महाविद्यालय को प्रदत्त वाटर कूलर का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस सुविधा से महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।
प्राचार्य ने दी संस्थान की जानकारी
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीआर साहू ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्राओं के सर्वांगीण विकास तथा संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को प्रदर्शित करते हुए शानदार सुवा नृत्य, गरबा एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर बनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का हैं सबसे सशक्त साधन
मुख्य अतिथि विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर बनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे सशक्त साधन है। महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राएं हमारे समाज और प्रदेश का भविष्य हैं। उनके लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आवश्यक सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विकास और छात्राओं की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। विधायक निधि से वाटर कूलर की व्यवस्था भी इसी दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज मिश्रा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जनभागीदारी समिति महाविद्यालय के विकास और छात्राओं के हित में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
महाविद्यालय के विकास, गुणवत्ता, सुविधाओं एवं छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य करना रहेगी उनकी प्राथमिकता
नवनियुक्त जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने इस दायित्व के लिए विधायक दीपेश साहू एवं सभी वरिष्ठजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय के विकास, छात्राओं की शैक्षणिक गुणवत्ता, बेहतर सुविधाओं एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी समिति और महाविद्यालय परिवार के आपसी समन्वय से छात्राओं के हित में सकारात्मक पहल की जाएगी।
कार्यक्रम में रहीं इनकी उपस्थिति
कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मनोज मिश्रा, प्राचार्य डॉ. डीआर साहू, श्रीमती लक्की साहू, श्रीमती उमेश्वरी साहू, रोहित साहू, योगेश वर्मा, पीजी कॉलेज जनभागीदारी अध्यक्ष सौरभ साहू, भीमभौरी जनभागीदारी अध्यक्ष सोनू साहू, रवि पप्पू वर्मा, विवेक देवांगन, मेघा तिवारी, श्रीमती श्वेता पावले सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522
0 टिप्पणियाँ