टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए JOSH TEAM का वर्चुअल शुभारंभ

विधायक दीपेश साहू, नपा अध्यक्ष विजय सिन्हा सहित अन्य लोग हुए शामिल
 
विधायक ने की सहभागिता की अपील, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान 

युवाओं की सहभागिता से टीबी उन्मूलन अभियान को मिलेगी नई गति 
बेमेतरा 08 अक्टूबर 2026 - राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए JOSH TEAM का वर्चुअल शुभारंभ किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के वर्चुअल कार्यक्रम के साथ कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार सीएमएचओ डॉ शरद कोहाड़े के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन टाउन हॉल बेमेतरा में किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, मितानिनों एवं युवाओं की सहभागिता रही। 

अधिक सहभागिता पर जोर 
कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन के लिए युवाओं, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। JOSH TEAM के माध्यम से युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ते हुए ग्राम स्तर पर जागरूकता, संभावित मरीजों की पहचान, जांच एवं उपचार के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। टीम में यूथ, एनएसएस, एनसीसी, युवा संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। 

203 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त पंचायत के रूप में चिन्हित 
जिले में कुल 425 ग्राम पंचायतों में से 203 पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत के रूप में चिन्हित किया गया है। वर्ष 2024 में यह संख्या 145 थी। राष्ट्रीय आंकड़ों के अनुसार जिले में प्रति लाख आबादी पर लगभग 77 टीबी मरीज प्राप्त हो रहे हैं। 

निर्धारित मापदंडों पर कार्य 
टीबी मुक्त पंचायत के लिए भारत सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रति 1000 जनसंख्या पर कम से कम 30 टीबी जांच, टीबी मरीजों की संख्या 2 से कम, उपचार सफलता दर 95 प्रतिशत तथा निक्षय मित्र की शत-प्रतिशत सहभागिता जैसे मानकों पर कार्य किया जा रहा है। 

जिले में 651 निक्षय मित्र दे रहे सहयोग 
जिले में वर्तमान में 651 निक्षय मित्रों द्वारा टीबी मरीजों को सहयोग प्रदान किया जा रहा है। निक्षय मित्रों के माध्यम से टीबी मरीजों को पोषण एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ उन्हें नियमित उपचार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। 

बेमेतरा में सर्वाधिक 165 तथा बेरला में न्यूनतम 129 मरीज 
ब्लॉकवार टीबी मरीजों की स्थिति के अनुसार बेमेतरा में 165, साजा में 135, नवागढ़ में 130 तथा बेरला में 129 मरीज दर्ज हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों की नियमित निगरानी एवं उपचार सुनिश्चित करने के साथ टीबी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

लक्षण दिखें तो कराएं निःशुल्क जांच 
कार्यक्रम में नागरिकों से अपील की गई कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, शाम के समय बुखार, रात में पसीना आना, बलगम के साथ खून आना, छाती में दर्द, भूख न लगना तथा लगातार वजन कम होना जैसे लक्षण दिखाई देने पर टीबी की जांच अवश्य कराएं। 
जिला व ब्लाक में जांच निःशुल्क उपलब्ध 
टीबी की आधुनिक NAAT जांच जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर निःशुल्क उपलब्ध है। टीबी का उपचार भी निःशुल्क किया जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की कि उपचार को बीच में अधूरा न छोड़ें, क्योंकि अधूरा उपचार ड्रग रेसिस्टेंट टीबी का कारण बन सकता है।

लोगों को किया गया जागरूक 
टीबी के संक्रमण से बचाव के लिए खांसते या छींकते समय मुंह एवं नाक को ढकने, स्वच्छता रखने और लक्षण होने पर समय पर जांच कराने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया। निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत टीबी मरीजों को उपचार की पूरी अवधि के दौरान पौष्टिक आहार के लिए प्रतिमाह 1000 रुपये की राशि सीधे बैंक खाते में प्रदान की जाती है।

विधायक दीपेश साहू ने युवाओं से सहभागिता की अपील 
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई में जनभागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि JOSH TEAM के माध्यम से युवाओं को जोड़कर टीबी जांच, उपचार और बचाव का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने युवाओं एवं जिलेवासियों से अपील की कि टीबी के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर निःशुल्क जांच कराकर उपचार पूरा करें। 
       उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जागरूकता के माध्यम से जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं। 

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान 
कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं मितानिनों को सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने टीबी उन्मूलन के लिए जागरूकता फैलाने, टीबी से जुड़े भेदभाव को समाप्त करने तथा मरीजों को उपचार पूरा करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में इनकी रहीं उपस्थिति 
कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त पहलाद रजक, राजेंद्र शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, जनपद प्रतिनिधि जय दिवाकर, शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन, पार्षद श्रीमती नीतू कोठारी, सीएमएचओ डॉ. शरद कोहाड़े, सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू, जिला क्षय अधिकारी डॉ. बीएल राज, बीएमओ डॉ. जितेंद्र कुंजाम, डॉ. एके वर्मा, डॉ. एमएम रज़ा, प्रभारी डीपीएम मयंक जैन, डॉ. स्वाति यदु सहित सरपंच, जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य अमला एवं अन्य उपस्थित रहे। 

जनजागरूकता एवं गतिविधियां 
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में *“टीबी को सिर्फ इलाज से नहीं, बचाव से भी हराना है”* के संदेश के साथ जनजागरूकता गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम का संदेश रहा—“टी.बी. हारेगा, देश जीतेगा।”

संपर्क - अधिक जानकारी के लिए नागरिक राज्य हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 104 पर संपर्क कर सकते हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ